scorecardresearch
 

काव्या मारन की टीम में इस धुरंधर गेंदबाज की एंट्री, SRH ने IPL के बीच खेला बड़ा दांव

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के बीच अपनी गेंदबाजी यूनिट को और मजबूत किया है. काव्या मारन की टीम ने एक ऐसे गेंदबाज को अपने साथ जोड़ा है, जो 145 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से लगातार गेंदबाजी कर सकता है.

Advertisement
X
आईपीएल 2026 में गेराल्ड कोएट्जी बरपाएंगे कहर. (Photo: AP)
आईपीएल 2026 में गेराल्ड कोएट्जी बरपाएंगे कहर. (Photo: AP)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच ही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को दो बड़े झटके लगे थे. इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ब्रायडन कार्स और डेविड पेन इंजरी के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. काव्या मारन की टीम ने ब्रायडन कार्स की जगह श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को अपने साथ जोड़ा था. अब सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड पेन के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है.

डेविड पेन की जगह साउथ अफ्रीका अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी ने ली है. डेविड पेन को टखने की लगातार परेशानी के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सिर्फ दो मैच खेले और दो विकेट लिए, लेकिन चोट की वजह से उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चल सका. ऐसे में हैदराबाद ने अब कोएट्जी जैसे आक्रामक और तेज गेंदबाज पर दांव लगाया है. साउथ अफ्रीका का यह पेसर 2 करोड़ रुपये में टीम से जुड़ा है. उनकी एंट्री सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है.

गेराल्ड कोएट्जी की पहचान तेज रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी है. वह लगातार 145 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की स्पीड से गेंद डाल सकते हैं और बल्लेबाजों को मि़डिल ओवर्स में परेशान करने की क्षमता रखते हैं. वह अब तक 4 टेस्ट, 14 ओडीआई और 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 67 विकेट लिए हैं.

Advertisement

कैसा रहा है कोएट्जी का IPL करियर?
आईपीएल का अनुभव भी उनके पास भरपूर है. कोएट्जी मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए खेल चुके हैं. आईपीएल में उन्होंने 14 मैचों में 15 विकेट लिए हैं और कुछ मौकों पर अपनी तेज गेंदबाजी से मैच का रुख बदला है. कोएट्जी सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. वह बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त गहराई मिलती है.

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अच्छी बात यह भी है कि टीम को घरेलू क्रिकेट से दो नए तेज गेंदबाज मिले हैं. प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा. दोनों युवा गेंदबाजों ने मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को मुश्किल में डाल दिया था. अब जब कोएट्जी जैसे अनुभवी गेंदबाज टीम से जुड़ गए हैं, तो सनराइजर्स हैदराबाद की पेस यूनिट और ज्यादा मजबूत नजर आ रही है. हेड कोच डेनियल विटोरी के पास अब तेज गेंदबाजी में काफी विकल्प मौजूद हैं.

इसके अलावा, सनराइजर्स हैदराबाद की नजर पैट कमिंस की फिटनेस पर भी बनी हुई है. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पीठ की चोट से उबर चुके हैं और उन्हें गेंदबाजी की अनुमति भी मिल गई है. हालांकि, टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करना चाहता. कमिंस अप्रैल के आखिर तक वापसी कर सकते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि गेराल्ड कोएट्जी को तुरंत प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं, लेकिन इतना तय है कि उनकी एंट्री से सनराइजर्स हैदराबाद पहले से ज्यादा खतरनाक और संतुलित नजर आने लगी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement