इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बुधवार (1 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा मोमेंट सामने आया, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. यह सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि डगआउट में लिया गया एक फैसला था, जिसने दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकट स्टेडियम में हुए इस मैच में 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. दिल्ली कैपिटल्स महज 26 रनों के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर संकट में थी. ऐसे में जब कप्तान अक्षर पटेल आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे, तो अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर बल्लेबाजी के लिए तैयार थे.
यह भी पढ़ें: वो 'मेरठिया' प्लेयर जिसने IPL में LSG को धो डाला, कभी करोड़ों में बिका, अब इतनी है कीमत
लेकिन तभी दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी तेजी से डगआउट से नीचे आए और उन्होंने डेविड मिलर को रुक जाने का इशारा किया. फिर बदानी ने उनकी जगह ट्रिस्टन स्टब्स को बल्लेबाजी के लिए भेजने का फैसला लिया. यही फैसला मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
ट्रिस्टन स्टब्स ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए और समीर रिजवी के साथ मिलकर टीम को संभाला. 'इम्पैक्ट सब' के तौर पर उतरे समीर ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. दोनों के बीच हुई नाबाद 119 रनों की साझेदारी के दम पर दिल्ली ने 17.1 ओवर्स में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
यह भी पढ़ें: श्रीलंका बोर्ड से भिड़ा ये क्रिकेटर, IPL खेलने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
इस जीत की खास बात यह रही कि 26/4 के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने एक भी विकेट नहीं गंवाया. ट्रिस्टन स्टब्स स्पिन खेलने में माहिर हैं और उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी की और टीम को संभाले रखा. मैच के दौरान कैमरे में कैद हुआ यह पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस वाकये ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मुकाबला सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि डगआउट में लिए गए निर्णयों से भी जीता जाता है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में शांत नजर आने वाले हेमांग बदानी के इस फैसले ने अब उनकी रणनीतिक समझ को सबके सामने ला दिया है. दिल्ली कैपिटल्स अब तक आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है. इस तरह के फैसलों से दिल्ली की टीम मौजूदा आईपीएल सीजन में नई उम्मीदें जगा रही है.