scorecardresearch
 

IPL 2026: कुछ मैचों में चला जादू, फिर मैदान पर फेल हुए ये 5 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी

आईपीएल 2026 के शुरुआती स्टेज में भारत के कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों को अच्छी शुरुआत जरूर मिली, लेकिन बाद में इनका असर फीका ही  दिखा. इन खिलाड़ियों को खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी टीमों ने ऑक्शन में बड़ी बोली लगाई थी, लेकिन पूरे सीजन अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.

Advertisement
X
प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा कुछ खास नहीं कर पाए हैं. (Photo: Instagram/ Chennai Super Kings)
प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा कुछ खास नहीं कर पाए हैं. (Photo: Instagram/ Chennai Super Kings)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अब अपने अंतिम चरण पर है. इस पूरे सीजन कई युवा खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता है. वहीं 5 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिनसे फ्रेंचाइजी टीमों को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, पर वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. इन 5 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी टीमों ने बड़ी रकम में खरीदा था. आइए जानते हैं इन 5 खिलाड़ियों के बारे में...

1. प्रशांत वीर: इन 5 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में पहला नाम आता है प्रशांत वीर का. घरेलू सीजन में अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए प्रशांत वीर को आईपीएल 2026 के लिए आयोजित मिनी नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने ₹14.20 करोड़ की भारी भरकम कीमत में खरीदा था. प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी हैं. प्रशांत बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज हैं. इस आईपीएल सीजन प्रशांत वीर ने 4 मुकाबले खेले हैं और 137.50 की स्ट्राइक रेट से महज 66 रन ही बनाए हैं. गेंदबाजी में उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली.

2. कार्तिक शर्मा: राजस्थान से आने वाले कार्तिक शर्मा को भी आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने ₹14.20 करोड़ में खरीदा. प्रशांत वीर के साथ-साथ कार्तिक भी आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं. कार्तिक ने 2024-25 विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाए थे. वहीं, 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में भी कार्तिक तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रहे. इस आईपीएल सीजन कार्तिक ने 8 मैच खेले हैं और 123.57 की स्ट्राइक रेट से 173 रन ही बनाए हैं. हालांकि कार्तिक ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ अपना पहला आईपीएल अर्धशतक जड़ा था. कार्तिक ने 54 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका भी निभाई थी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं माधव त‍िवारी? जो डूबती द‍िल्ली का IPL में बने सहारा, 8 गेंदों में कर द‍िया खेल    

Advertisement

3. आकिब नबी डार: आकिब नबी जम्मू-कश्मीर से आने वाले एक शानदार तेज गेंदबाज हैं. 2025-26 के घरेलू सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उनको आईपीएल 2026 के हुई मिनी नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ₹8.4 करोड़ में खरीदा था. आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में बेहद शानदार गेंदबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर को पहली बार खिताबी जीत दिलाई. उन्होंने 9 मैचों में 60 विकेट लिए, जिससेव वो पिछले रणजी सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने. इस आईपीएल सीजन आकिब नबी ने 4 मुकाबले खेले और एक भी विकेट नहीं ले पाए. दिल्ली कैपिटल्स को आकिब नबी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वो उम्मीदों पर अब तक खरे नहीं उतर पाए हैं.
यह भी पढ़ें: CSK vs LSG: 8 छक्के, 2 चौके और 13 गेंद में फिफ्टी... उर्विल पटेल ने रचा IPL का नया इतिहास

4. अंगकृष रघुवंशी: अंगकृष रघुवंशी को आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ₹3 करोड़ में रिटेन किया है. इस आईपीएल सीजन अंगकृष रघुवंशी ने 10 मैचों में 135.86 की स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए हैं. हालांकि रघुवंशी ने 3 हाफ सेंचुरी जरूर जड़ी, लेकिन वो अपने प्रदर्शन को निरंतर नहीं रख पाए हैं. KKR लगातार उनपर भरोसा दिखा रही है और टीम को उनसे बहुत उम्मीदें हैं. 

Advertisement

5. समीर रिजवी: समीर रिज़वी को आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने  ₹95 लाख में रिटेन किया था. रिजवी ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद विस्फोटक अंदाज में की थी. सीजन के शुरुआती मुकाबलों में वह ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे रहे और पहले दो मैचों में 80 से ज्यादा की औसत से रन बनाए. उन्होंने पहले मैच में 47 गेंदों पर नाबाद 70 रनों की पारी खेली, जबकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 गेंदों में 90 रन ठोके. इन दोनों मुकाबलों में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया. इसके बाद रिजवी अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए. रिजवी ने इस आईपीएल सीजन 11 मैचों में 147.37 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं.

(Report: Vijay Singh)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement