भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 19वें एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया है. 25 सितंबर (सोमवार) को हांगझोउ के पिंगफेंग कैम्पस क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 19 रनों से पराजित किया. इस मैच में 117 रनों का टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी. भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार एशियन गेम्स में भाग ले रही थी, ऐसे में उसने पहले ही प्रयास में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया.
टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने 14 रन जाते-जाते अपने तीन विकेट गंवा दिए. ये तीनों विकेट तेज गेंदबाज टिटास साधू ने लिए. तीन विकेट गिरने के बाद हसिनी परेरा ने कुछ आक्रामक शॉट्स लगाकर श्रीलंका को 50 रनों के स्कोर तक पहुंचाया. राजेश्वरी गायकवाड़ ने परेरा की तूफानी पारी का अंत किया. परेरा ने चार चौके और एक सिक्स की मदद से 22 गेंदों पर 25 रन बनाए.
𝐆𝐎𝐋𝐃 🥇 𝐅𝐨𝐫 𝐈𝐍𝐃𝐈𝐀🇮🇳 beat Sri Lanka by 19 runs in the 2022 FINAL 🏏
— Doordarshan Sports (@ddsportschannel)
परेरा के आउट होने के बाद नीलाक्षी डिसिल्वा और ओशादी रणसिंघे ने 28 रनों की साझेदारी करके पारी को संभालने की कोशिश की. डिसिल्वा को पूजा वस्त्राकर ने बोल्ड कर दिया. परेरा के बाद दीप्ति शर्मा ने ओशादी को भी आउट कर दिया, जिसके बाद भारत का काम आसान हो गया. भारत की ओर से टिटास साधू ने छह रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं राजेश्वरी गायकवाड़ को दो, जबकि दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य और पूजा वस्त्राकर को एक-एक विकेट हासिल हुआ. श्रीलंकाई टीम हार के बावजूद सिल्वर जीतने में कामयाब रही. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर इस इवेंट का ब्रॉन्ज जीता.
श्रीलंका के ऐसे गिरे विकेट्स:
पहला विकेट- अनुष्का संजीवनी 1 रन (13/1)
दूसरा विकेट- विशमी गुणरत्ने (13/2)
तीसरा विकेट- चमारी अटापट्टू (14/3)
चौथा विकेट- हसिनी परेरा 25 रन (50/4)
पांचवां विकेट- नीलाक्षी डिसिल्वा 23 रन (78/5)
छठा विकेट- ओशादी रणसिंघे 19 रन (86/6)
सातवां विकेट- कविशा दिलहारी 5 रन (92/7)
आठवां विकेट- सुगंधिका कुमारी 5 रन (96/8)
स्मृति-जेमिमा ने बल्ले से किया कमाल
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. चौथे ही ओवर में उसे पहला झटका लग गया, जब शेफाली वर्मा (9) को स्पिन गेंदबाज सुगंधिका कुमारी ने स्टम्प आउट करा दिया. इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने मिलकर पारी को संभाला. जेमिमा और स्मृति के बीच दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी हुई.
इनोका रणवीरा ने मंधाना को आउट करके इस पार्टनरशिप का अंत किया. मंधाना जब आउट हुईं तो भारत का स्कोर 90 रन के करीब था और 15 ओवर्स भी पूरे नहीं हुए थे. ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि भारत बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब हो जाएगा, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया. श्रीलंकाई गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए, जिसके चलते भारत सात विकेट पर 116 रन ही बना सका.
Humari choriyan choron se kamm hai ke? 💪😎
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk)
The made history by winning 🥇 in their first-ever appearance, and we could not be more proud 🤩💙 |
भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 46 और जेमिमा रोड्रिग्स ने 42 रनों की पारी खेली. श्रीलंका की ओर से स्पिन गेंदबाजों इनोका रणवीरा और सुगंधिका कुमारी ने दो-दो विकेट लिए. उदेशिका प्रोबोधनी को भी दो सफलताएं हासिल हुईं.
भारत के ऐसे गिरे विकेट्स:
पहला विकेट- शेफाली वर्मा 9 रन (16/1)
दूसरा विकेट- स्मृति मंधाना 46 रन (89/2)
तीसरा विकेट- ऋचा घोष 9 रन (102/3)
चौथा विकेट- हरमनप्रीत कौर 2 रन (105/4)
पांचवां विकेट- पूजा वस्त्राकर 2 रन (108/5)
छठा विकेट- जेमिमा रोड्रिग्स 42 रन (114/6)
सातवां विकेट- अमनजोत कौर 1 रन (116/7)
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, टिटास साधू, राजेश्वरी गायकवाड़.
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: चमारी अटापट्टू (कप्तान), अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), विशमी गुणरत्ने, नीलाक्षी डिसिल्वा, हसिनी परेरा, ओशादी रणसिंघे, इनोका राणावीरा, कविशा दिलहारी, उदेशिका प्रबोधनी, सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी.
19वें एशियाई खेलों में भारत का ये दूसरा गोल्ड मेडल रहा. इससे पहले निशानेबाजी की मेन्स 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और दिव्यांश पंवार की तिकड़ी ने भारत को मौजूदा खेलों का पहला गोल्ड दिलाया था. भारत ने 19वें एशियन गेम्स में अबतक 11 पदक जीते हैं.
भारत के नाम अबतक 11 मेडल:
मेहुली घोष, आशी चौकसे और रमिता जिंदल- 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): सिल्वर
अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह, मेन्स लाइटवेट डबल स्कल्स (रोइंग): सिल्वर
बाबू लाल और लेख राम, मेन्स कॉक्सलेस डबल्स- (रोइंग): कांस्य
मेन्स कॉक्स्ड 8 टीम- (रोइंग): सिल्वर
रमिता जिंदल- वूमेन्स 10 मीटर एयर राइफल (शूटिंग): ब्रॉन्ज
ऐश्वर्य तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और दिव्यांश पंवार, 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): गोल्ड
आशीष, भीम सिंह, जसविंदर सिंह और पुनीत कुमार- मेन्स कॉक्सलेस 4 (रोइंग): ब्रॉन्ज
परमिंदर सिंह, सतनाम सिंह, जकार खान और सुखमीत सिंह- मेन्स क्वाड्रपल स्कल्स (रोइंग): ब्रॉन्ज
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर- मेन्स 10 मीटर एयर राइफल (शूटिंग): ब्रॉन्ज
अनीश, विजयवीर सिद्धू और आदर्श सिंह- मेन्स 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (शूटिंग): ब्रॉन्ज
महिला क्रिकेट टीम: गोल्ड