scorecardresearch
 

India vs Sri Lanka 2nd Test Highlights: दूसरे दिन रहा भारत का दबदबा, जुरेल का शतक, लड़खड़ाई श्रीलंका

IND vs SL 2nd Test, Day 2 Highlights: कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट का दूसरा दिन रोमांचक रहा. भारत ने श्रीलंका के खिलाफ अपना शिकंजा कस लिया है.

Advertisement
X
कोलंबो टेस्ट का आज दूसरा दिन. (Photo: PTI)
कोलंबो टेस्ट का आज दूसरा दिन. (Photo: PTI)

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन बेहद रोमांचक रहा. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 503 रन बनाए. जिसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने पारी की घोषित कर दी.

श्रीलंका की टीम दूसरे दिन महज 3 ओवर ही खेल पाई और टीम ने दो विकेट गंवा दिए. प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने भारत की तरफ से विकेट चटकाने में सफलता हासिल की. श्रीलंका ने 2 विकेट खोकर 8 रन बना लिए हैं और अभी भी टीम 495 रन पीछे हैं.

भारतीय टीम टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हैं. गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित सीरीज के पहले मुकाबले में शुभमन ब्रिगेड ने मेजबान श्रीलंका को 165 रनों से परास्त किया था. अब भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर टेस्ट सीरीज का शानदार अंत करना चाहेगी. 

ऐसी रही है भारत की बैटिंग
कोलंबो टेस्ट का पहले दिन भारतीय टीम के नाम रहा. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 117 रनों की पारी खेली. पडिक्कल ने 193 गेंदों का सामना किया और 12 चौके लगाए. पडिक्कल ने लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक लगाया. उधर कप्तान शुभमन गिल ने 6 चौके की मदद से 108 गेंदों पर 50 रन बनाए. यशस्वी जायसवाल (45 रन) और रवींद्र जडेजा (43 रन) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. पहले दिन भारतीय टीम की टेंशन उस समय बढ़ गई, जब ऋषभ पंत रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए.

Advertisement

ये भी पढ़ें- IND vs SL: कोलंबो में ध्रुव जुरेल ने शतक जड़ काटा गदर, बनाया अनोखा रिकॉर्ड, सिर्फ एक खिलाड़ी कर सका था ऐसा 

दूसरे दिन के खेल में भारतीय टीम को जल्द ही झटका लगा, जब सारांश जैन (6 रन) को असिथा फर्नांडो ने कैच आउट करा दिया. सारांश के आउट होने के बाद ऋषभ पंत दोबारा बैटिंग के लिए उतरे. पंत और ध्रुव जुरेल के बीच सातवें विकेट के लिए 112 रनों की बेहतरीन पार्टनरशिप हुई. इस साझेदारी के दौरान पंत ने 81 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की, जबकि जुरेल ने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 97 गेंदें लीं.

केशरा नुवांथा ने ऋषभ पंत को आउट कर इस साझेदारी को ब्रेक किया. पंत ने 89 बॉल पर 63 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. मानव सुथार (18 रन) ज्यादा योगदान नहीं दे पाए और उन्हें प्रभात जयसूर्या ने अपनी फिरकी में फंसाया.

भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड:

बल्लेबाज विकेट रन
केएल राहुल कॉट निरोशन डिकवेला बोल्ड लाहिरू कुमारा 18
यशस्वी जायसवाल बोल्ड असिथा फर्नांडो 45
देवदत्त पडिक्कल बोल्ड केशरा नुवांथा 117
शुभमन गिल कॉट निरोशन डिकवेला बोल्ड असिथा फर्नांडो 50
ऋषभ पंत कॉट लाहिरू उदारा बोल्ड केशरा नुवांथा 63
रवींद्र जडेजा बोल्ड असिथा फर्नांडो 43
ध्रुव जुरेल नाबाद 115
सारांश जैन कॉट कामिल मिशारा बोल्ड असिथा फर्नांडो 06
मानव सुथार कॉट निरोशन डिकवेला बोल्ड प्रभात जयसूर्या 18
मोहम्मद सिराज एलबीडब्ल्यू प्रभात जयसूर्या 03
प्रसिद्ध कृष्णा नाबाद  04

विकेट पतन: 37-1 (केएल राहुल, 10.4 ओवर), 66-2 (यशस्वी जायसवाल, 16.6 ओवर), 186-3 (शुभमन गिल, 51.5 ओवर), 281-4 (देवदत्त पडिक्कल, 76.2 ओवर), 296-5 (रवींद्र जडेजा, 84.1 ओवर), 307-6 (सारांश जैन, 86.5 ओवर), 419-7 (मानव सुथार, 112.1 ओवर), 458-8 (मानव सुथार, 124.4 ओवर)

Advertisement

इस टेस्ट मैच के जरिए 33 वर्षीय ऑफ-स्पिनर सारांश जैन ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया. कुलदीप यादव के वायरल बीमारी से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण सारांश को प्लेइंग-11 में जगह मिली. सारांश को रवींद्र जडेजा ने डेब्यू कैप प्रदान किया. वहीं श्रीलंकाई टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा ने टेस्ट डेब्यू किया.

टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच 47 टेस्ट खेले गए, जिनमें भारत ने 23 और श्रीलंका ने सात मैच जीते, जबकि 17 मुकाबले ड्रॉ रहे. श्रीलंका ने भारत को आखिरी बार अगस्त 2015 में गॉल टेस्ट में पराजित किया था.

भारत बनाम श्रीलंका (हेड टू हेड)
कुल टेस्ट मैच: 47
भारत ने जीते: 23
श्रीलंका ने जीते: 7
ड्रॉ: 17

मुकाबले में भारत की प्लेइंग XI: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

मुकाबले में श्रीलंका की प्लेइंग XI: कामिल मिशारा, लाहिरू उदारा, पसिंदु सूरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement