scorecardresearch
 

INDvsBAN: टीम इंडिया को आज बांग्लादेश से हर हाल में जीतना होगा

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के बाद आईसीसी वर्ल्ड टी20 में टीम इंडिया का आज बांग्लादेश के साथ मुकाबला है और वो इस लय को बरकरार रखना चाहेगी. साथ ही टीम इंडिया को यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतना होगा क्योंकि सेमीफाइनल की राह में इस बार रन रेट के अहम किरदार निभाने की संभावना है.

Advertisement
X
भारत के खिलाफ अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच नहीं जीत सका है बांग्लादेश
भारत के खिलाफ अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच नहीं जीत सका है बांग्लादेश

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के बाद आईसीसी वर्ल्ड टी20 में टीम इंडिया का आज बांग्लादेश के साथ मुकाबला है और वो इस लय को बरकरार रखना चाहेगी. साथ ही टीम इंडिया को यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतना होगा क्योंकि सेमीफाइनल की राह में इस बार रन रेट के अहम किरदार निभाने की संभावना है.

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना थी. अब आगे टीम अगर एक और मैच हार जाती है तो सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो जाएगी. वहीं, बांग्लादेश को अपने दोनों मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा था. उसे पहले मैच में पाकिस्तान ने हराया तो दूसरे में ऑस्ट्रेलिया से शिकस्त खानी पड़ी. ऐसे में उसे अपने अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे.

अगर टीमें ग्रुप दौर के अंत में दो-दो मैच ही जीतती हैं तो सेमीफाइनल में जाने के लिए टीमों के रन रेट को देखकर फैसला लिया जाएगा. इस लिहाज से टीमों को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी. इससे पहले दोनों टीमें एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने हुई थीं. भारत ने तब बांग्लादेश को हराकर ट्रॉफी उठाई थी. तब विराट ने भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत को जीत दिलाने वाले विराट ही थे.

Advertisement


रोहित शर्मा, शिखर धवन और सुरेश रैना ने पाकिस्तान के खिलाफ फेल रहे तब युवराज के साथ कोहली ने अहम साझेदारी निभाई. हालांकि युवराज सिंह ने अभी तक कोई बहुत बड़ी पारी नहीं खेली है जिसके लिए वह जाने जाते हैं लेकिन संकट की घड़ी में वह हमेशा विराट के साथ खड़े रहे और अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई. पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने संकट के समय विकेट पर खड़े रहकर विराट का साथ दिया था. उन्होंने हमेशा छोटी लेकिन अहम पारी खेली. बांग्लादेश के खिलाफ उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी.

धोनी के लिए बल्लेबाजी में सबसे बड़ी चिंता का विषय सुरेश रैना का फॉर्म में ना होना है. वह बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं. धोनी ने हालांकि पाकिस्तान से मैच के बाद कहा था कि उन्हें रैना पर भरोसा है. बुधवार को धोनी चाहेंगे की रैना उनके भरोसे पर खरा उतरें. इसके अलावा धवन का फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है. आज के मैच में शुरुआती तीनों बल्लेबाजों को अच्छा स्कोर करना होगा.

टीम के लिए सबसे अच्छी बात उसके गेंदबाजों का शानदार फॉर्म में होना है. भारतीय टीम बीते कई सालों से गेंदबाजों की समस्या से जूझ रही थी, लेकिन अनुभवी आशीष नेहरा, रविचन्द्रन अश्विन और युवा जसप्रीत बुमराह ने टीम को ना सिर्फ इस संकट से उबारा बल्कि एक मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की नींव रखी. ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सहयोग दिया. वह हालांकि शुरुआती कुछ मैचों के बाद बल्ले से रन नहीं बना पाए हैं लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने हमेशा ही टीम को सफलता दिलाई है.

Advertisement


वहीं, दूसरी तरफ बांग्लादेश भले ही अपने दोनों मैच हार चुका हो लेकिन वह किसी भी टीम को हराने में सक्षम है. अपने अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसने अंत तक लड़ाई की थी और कंगारुओं को परेशान कर रखा था. ऐसे में भारत उसे हल्के में नहीं ले सकता. बांग्लादेश के लिए सबसे बड़ी चिंता तमीम इकबाल का स्वस्थ्य ना होना है. वह टीम की बल्लेबाजी की धुरी हैं, लेकिन बीमार होने के कारण वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेल पाए थे. टीम चाहेगी की वह ठीक होकर जल्दी वापसी करें. बांग्लादेश के लिए अराफत सनी और तस्कीन अहमद पर गेंदबाजी करने से प्रतिबंध लगने के बाद उसे बड़ा झटका लगा है. यहां बांग्लादेश इन दोनों के जाने से थोड़ी कमजोर जरूर लग रही है.

वहीं, बांग्लादेश के लिए मुस्ताफिजुर रहमान का चोट से वापसी करना टीम के लिए अच्छा संकेत है. वह भारत के खिलाफ हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं. टीम के अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन भारत के लिए हमेशा खतरा बने हैं. वह बल्ले और गेंद से टीम के लिए हमेशा उपयोगी योगदान करते आए हैं.

टीमें:
भारत: महेन्द्र सिंह धोनी (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, अजिंक्य रहाणे, रविन्द्र जडेजा, हार्दिक पंड्या, रविचन्द्रन अश्विन, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, पवन नेगी और मोहम्मद समी.

Advertisement

बांग्लादेश: मशरफे मुर्तजा (कप्तान), शाकिब अल हसन, अबु हैदर, अल अमीन हुसैन, महामुदल्लाह, मोहम्मद मिथुन, मुश्फिकुर रहीम, मुस्ताफिजुर रहमान, नासिर हुसैन, नुरुल हसन, शब्बीर रहमान, सकलैन शाजिब, शुवागात होम, सौम्य सरकार, तमीम इकबाल, अराफत सनी, तस्कीन अहमद, इनरूल कैयस, कमरूल इस्लाम रब्बी और मुक्तार अली.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement