ट्राई सीरीज का खिताबी मुकाबला रविवार (21 जून) को इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया. दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 66 रनों से शानदार जीत हासिल की. मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को जीत के लिए 378 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 47.1 ओवरों में 311 रनों पर ऑलआउट हो गई. इंडिया-ए की खिताबी जीत में वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने फाइनल में ताबड़तोड़ 92 रन बनाए.
भारतीय टीम ने 4 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई थी. वहीं श्रीलंकाई टीम 6 अंकों के साथ टेबल टॉपर बनी थी. अफगानिस्तान-ए के दो अंक रहे और वो खिताबी मुकाबले में जगह नहीं बना सका. इंडिया-ए और श्रीलंका-ए मौजूदा टूर्नामेंट में तीसरी बार आमने-सामने हुईं.
रनचेज में श्रीलंका-ए की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने पहले पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए. यश ठाकुर ने निरोशन डिकवेला (25 रन), अविष्का फर्नांडो (3 रन) और नुवानीदु फर्नांडो (21 रन) के रूप में तीनों विकेट चटकाए. यहां से सदीरा समरविक्रमा और कप्तान सहान अराचिगे ने चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़कर श्रीलंका-ए को संभालने की कोशिश की. रविंदु फर्नांडो ने निराश किया और केवल 19 रन बना सके. सदीरा समरविक्रमा ने 9 चौके की मदद से 44 बॉल पर 52 रन बनाए. वहीं सहान अराचिगे ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 40 बॉल पर 38 रनों का योगदान दिया. सहान अराचिगे के आउट होने के समय श्रीलंका-ए का स्कोर 177/6 था.
इसके बाद वानुजा सहान और विजयकांत व्यासकांत ने सातवें विकेट के लिए 77 रन जोड़कर टीम को वापसी कराने की कोशिश की. वानुजा ने 5 चौके की मदद से 69 गेंदों पर 62 रन बनाए. वहीं विजयकांत के बल्ले से 39 रन निकले. वानुजा के आउट होते ही भारतीय टीम का काम आसान हो गया. दुलाज समुदिता (15 रन) और मोहम्मद शिराज (21 रन) आउट होने वाले आखिरी दो बल्लेबाज रहे. विप्रज निगम और यश ठाकुर ने भारतीय टीम की ओर से तीन-तीन विकेट झटके. अनुकूल रॉय को दो सफलताएं हासिल हुईं. जबकि तिलक वर्मा और अशोक शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया.
वैभव सूर्यवंशी का हल्लाबोल
इंडिया-ए ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 377 रन बनाए. इंडिया-ए की शुरुआत ताबड़तोड़ रही और उसने 3 ओवरों में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान तूफानी बैटिंग की और तीसरे ओवर में मोहम्मद शिराज के खिलाफ तीन छक्के और दो चौके की मदद से 26 रन बटोरे. वैभव की तूफानी बैटिंग जारी रही और उन्होंने सिर्फ 11 बॉल पर फिफ्टी जमाई, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल रहे.
वैभव सूर्यवंशी अर्धशतक जमाने के बाद छक्के-चौके की बारिश कर रहे थे. ऐसा लग रहा था कि वो शतक जमा देंगे, लेकिन श्रीलंकाई कप्तान सहान अराचिगे की गेंद पर बिग शॉट खेलने की कोशिश में वो कैच आउट हो गए. वैभव का विकेट 9वें ओवर की 5वीं गेंद पर गिरा. उस समय इंडिया-ए का स्कोर 132 हो चुका था. वैभव के बाद भारत ने दुलाज समुदिता की गेंद पर प्रियांश आर्य का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने 39 रन बनाए.
प्रियांश आर्य के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की. ऋतुराज ने 40 रन बनाए और उनका विकेट मोहम्मद शिराज ने झटका. फिर तिलक ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 63 रन जोड़े.
तिलक वर्मा ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 90 बॉल पर 67 रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र के बल्ले से 36 रन निकले. विप्रज निगम (27 रन), निशांत सिंधु (16 रन) और सूर्यांश शेडगे (2 रन) ज्यादा योगदान नहीं दे पाए. यहां से अनुकूल रॉय ने महज 15 बॉल पर 39 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया. श्रीलंका-ए के लिए कुगाथास मथुलन, वानुजा सहान और रविंदु फर्नांडो ने दो-दो विकेट झटके.
इंडिया-ए की प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, विप्रज निगम, अशोक शर्मा और यश ठाकुर.
श्रीलंका-ए की प्लेइंग-11: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानीदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, वानुजा सहान, मोहम्मद शिराज, विजयकांत व्यासकांत, दुलाज समुदिता और कुगाथास मथुलन.
ट्राई सीरीज में सभी मैचों के नतीजे
♦ 09 जून: इंडिया-ए की श्रीलंका-ए पर 8 रनों से जीत
♦ 11 जून: इंडिया-ए को अफगानिस्तान-ए ने 4 रनों से हराया (DLS)
♦ 13 जून: श्रीलंका-ए की अफगानिस्तान-ए पर 8 विकेट से जीत (DLS)
♦ 15 जून: श्रीलंका-ए ने इंडिया-ए को सुपर ओवर में पराजित किया
♦ 17 जून: इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से रौंदा
♦ 19 जून: अफगानिस्तान-ए को श्रीलंका-ए ने 103 रनों से हराया
♦ 21-जून: फाइनल में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 66 रनों से रौंदा