scorecardresearch
 

'करो या मरो' के मुकाबले में इंडिया-ए का दमदार पलटवार, अफगानिस्तान-ए को 101 रन से पीटा

इंडिया-ए ने ट्राई-सीरीज वनडे के करो या मरो मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 319 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी 38 रन बना पाए. (Photo, SLC)
वैभव सूर्यवंशी 38 रन बना पाए. (Photo, SLC)

India A vs Afghanistan A, 5th Match, Tri Nation A Series in Sri Lanka 2026:  'करो या मरो' के मुकाबले में इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से मात दी. दांबुला में 320 रनों के टारगेट का पीछा करती हुई अफगान टीम 36.5 ओवरों में  218 रनों पर सिमट गई. इसके साथ ही भारतीय टीम ट्राई-सीरीज वनडे सीरीज के फाइनल की रेस में मजबूती से बनी हुई है, जो 21 जून को खेला जाने वाला है. 

अफगानिस्तान-ए की ओर से बाहिर शाह ने अर्धशतकीय पारी (57) रन खेली. फैसल शिनोजादा ने 46 रन बनाए, जबकि कप्तान इमरान मीर ने 32 रनों की पारी खेली. इंडिया ए की ओर से निशांत सिंधु ने 4 विकेट झटके.

लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने तेज शुरुआत की और बाहिर व शिनोजादा ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा. लेकिन उनके आउट होते ही अफगानिस्तान की पारी बिखर गई और आखिरी छह विकेट सिर्फ 45 रन जोड़कर गिर गए. भारत ने आखिरकार 101 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल की दौड़ में अपनी उम्मीदें मजबूत कर लीं.

अगर अफगानिस्तान अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को हरा भी देता है और तीनों टीमें चार-चार अंकों पर पहुंचती हैं, तब भी भारत की फाइनल में जगह पक्की रहेगी. इसकी वजह टीम इंडिया का बेहतर नेट रन रेट (NRR) है, जो बाकी दोनों टीमों से काफी मजबूत है.

Advertisement

इंडिया-ए ने ट्राई-सीरीज वनडे के करो या मरो मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 319 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था.

इससे पहले कप्तान तिलक वर्मा, प्रियांश आर्य और कुमार कुशाग्र की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंडिया-ए ने बुधवार को दांबुला में खेले गए रहे ट्राई-सीरीज वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान-ए के खिलाफ 319/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. 

अफगानिस्तान-ए के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन धीमी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने धैर्य और आक्रामकता का अच्छा संतुलन दिखाया.

इंडिया-ए की शुरुआत तेज रही. ओपनर वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 8 ओवर में 75 रन जोड़ दिए. वैभव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई और कवर ड्राइव के साथ कुछ शानदार शॉट लगाए, जबकि दो छक्के भी जड़े.

हालांकि, 15 साल के वैभव एक बार फिर शॉर्ट गेंद के खिलाफ संघर्ष करते दिखे. तेज गेंदबाज फरीदून दाऊदजई की ऑफ स्टंप से बाहर उठती गेंद को पुल करने की कोशिश में वह आउट हो गए.

दूसरे छोर पर प्रियांश आर्य ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और केवल 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन ज्यादा आक्रामक होने की कोशिश में वह पॉइंट पर कैच दे बैठे. उनकी 58 रनों की पारी के बाद इंडिया-ए की रन गति थोड़ी धीमी पड़ गई.

Advertisement

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन धीमी होती पिच पर बड़े शॉट लगाना आसान नहीं था. गायकवाड़ 30 रन बनाकर आउट हुए.

तिलक वर्मा ने 67 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि कुमार कुशाग्र ने 60 गेंदों में फिफ्टी लगाई. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 104 रनों की अहम साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

कुशाग्र 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक भी 56 रन की पारी के बाद पवेलियन लौटे. आखिरी ओवरों में विप्रज निगम ने तेज रन जुटाकर भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचाया.

वैभव सूर्यवंशी का ऐसा रहा प्रदर्शन अब तक

वैभव सूर्यवंशी का हालिया प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. इंडिया ए के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीरीज में अब तक चार पारियों में 117 रन बनाए हैं. 9 जून को श्रीलंका ए के खिलाफ उन्होंने 14 रन बनाए, जबकि 11 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ 44 रनों की पारी खेली. 15 जून को श्रीलंका ए के खिलाफ वह 21 रन बना सके. वहीं आज अफगानिस्तान ए के खिलाफ उन्होंने 28 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, लेकिन फरीदून दाऊदजई की गेंद पर आउट हो गए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement