scorecardresearch
 

WTC फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को हर हाल में चाहिए जीत, क्या कोलंबो में होगा श्रीलंका का सूपड़ा साफ?

श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम कोलंबो में अपना दमखम दिखाना चाहेगी. पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों के हौसले बुलंद हैं. भारतीय कप्तान शुभमन गिल के पास तीन साल बाद विदेशी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का मौका होगा.

Advertisement
X
भारत के लिए जीत क्यों है जरूरी. (PHOTO: AP)
भारत के लिए जीत क्यों है जरूरी. (PHOTO: AP)

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार से कोलंबो में शुरू होने जा रहा है. गॉल टेस्ट में 165 रनों की शानदार जीत के बाद शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है.   

अब सवाल यह उठता है कि जब टीम इंडिया सीरीज हार ही नहीं सकती तो फिर कोलंबो टेस्ट जीतने का इतना भारी दबाव क्यों है? दरअसल, अगर भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC 2025-27) के फाइनल में पहुंचना है तो फिर टीम को श्रीलंका के खिलाफ हर हाल में यह टेस्ट सीरीज जीतना होगा. 

कोलंबो में कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की भी बड़ी परीक्षा होगी. भारतीय खिलाड़ी कोलंबो में श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे. डब्ल्यूटीसी के पॉइंट्स टेबल की रेस अब काफी पेचीदा और रोमांचक हो गई है. लिहाजा भारतीय टीम की तरफ से की गई एक गलती अब टीम के फाइनल खेलने के सपने को तोड़ सकती है. 

बरकरार है WTC फाइनल में जाने की उम्मीद

Advertisement

टीम इंडिया फिलहाल 64 अंकों और 53.33 के PCT (पॉइंट्स पर्सेंटेज) के साथ टेबल में 5वें पायदान पर खड़ी है. अगर भारत कोलंबो टेस्ट जीत लेता है तो उसका PCT छलांग लगाकर 57.57 हो जाएगा. पिछले तीन WTC सीज़न का इतिहास बताता है कि फाइनल में पहुंचने वाली टॉप-2 टीमों का PCT हमेशा 60 से ऊपर रहा है.

क्या खत्म होगा तीन सालों का सूखा

कोलंबो टेस्ट सिर्फ पॉइंट्स का खेल नहीं है, बल्कि यह साख की भी लड़ाई है. टीम इंडिया पिछले तीन सालों से विदेशी सरजमीं पर कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है. ऐसे में श्रीलंका को उसी के घर में रौंदकर भारतीय टीम एक बड़ा सूखा खत्म करना चाहेगी.

बांग्लादेश की हार से भारत को फायदा

कोलंबो में जीत का एक और सबसे बड़ा फायदा यह है कि टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी. दिलचस्प बात यह है कि इस वक्त चौथे नंबर पर बांग्लादेश का कब्जा है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका जो हाल हो रहा है, उससे भारत को फायदा मिल सकता है. 

बांग्लादेश की हार लगभग तय

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की टीम दूसरे टेस्ट मैच में पहली पारी में महज 64 रनों पर ढेर हो गई है. उनकी हार लगभग तय मानी जा रही है. बांग्लादेश का वर्तमान PCT 66.67 है. मैच हारते ही यह धड़ाम से 55.55 पर आ गिरेगा. अगर भारत कोलंबो जीतता है, तो 57.57 PCT के साथ वह सीधे बांग्लादेश को पछाड़कर नंबर 4 पर पहुंच जाएगा.

Advertisement

WTC पॉइंट्स टेबल में कैसे मिलते हैं अंक

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के हर मैच जीतने पर टीम को 12 अंक मिलते हैं. जबकि मुकाबला टाई होने पर दोनों टीमों को 6-6 अंक और ड्रॉ रहने की स्थिति में 4-4 अंक दिए जाते हैं. तालिका में टीमों की रैंकिंग कुल हासिल किए गए अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि प्रतिशत अंकोंय के हिसाब से तय की जाती है. साल 2027 में होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए टीमों को टॉप दो स्थानों में शामिल होना जरूरी है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement