भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की. रविवार (1 नवंबर) को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में खेले गए पांचवें और आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सीरीज जीत का जश्न खास अंदाज में मनाया गया.
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने ट्रॉफी रिसीव की. हालांकि श्रेयस ने उस ट्रॉफी को युवा ऑलराउंडर नमन धीर को सौंप दिया. इसके बाद पूरी टीम ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. श्रेयस का यह अंदाज चर्चा में रहा.
26 साल के नमन धीर ने इस सीरीज में मिले मौकों का अच्छा इस्तेमाल किया. मुंबई इंडियंस (MI) के इस ऑलराउंडर ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए अहम योगदान दिया और वह टी20 सीरीज में भारतीय टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.
नमन धीर को गेंदबाजी के ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट का ध्यान जरूर खींचा. उन्होंने शिवम दुबे जैसे अनुभवी खिलाड़ी के रहते भी अपनी उपयोगिता साबित की.
धोनी ने शुरू की थी परंपरा
श्रेयस अय्यर का यह अंदाज महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल की याद दिलाता है. इन कप्तानों ने कई मौकों पर खिताब जीतने के बाद युवा खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ जश्न मनाने का अवसर दिया था. बता दें कि युवा खिलाड़ियों को ट्रॉफी सौंपने की परंपरा धोनी ने शुरू की थी. इसके बाद दूसरे भारतीय कप्तानों में भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया
भारत ने पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी. पांचवें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 191/8 पर रोकने के बाद लक्ष्य 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. हार के बावजूद टीम इंडिया ने सीरीज अपने नाम की और ट्रॉफी सेलिब्रेशन में नमन धीर के लिए यह पल यादगार बन गया.