scorecardresearch
 

क्रिकेट में TikTok की एंट्री, भारत-न्यूजीलैंड T20 सीरीज के 6 ओवर होंगे LIVE, जानें कहां द‍िखेगा पूरा मैच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 सीरीज के शुरुआती मुकाबलों में क्रिकेट फैन्स को नया अनुभव मिलेगा. न्यूजीलैंड क्रिकेट और ब्रॉडकास्टर Sky ने पहले T20I से चुनिंदा मैचों के शुरुआती 6 ओवर ट‍िकटॉक पर लाइव दिखाने की तैयारी की है. जानें पूरा मामला...

Advertisement
X
टीवी-OTT के बाद अब TikTok पर क्रिकेट का रोमांच, भारत-NZ मैच के शुरुआती 6 ओवर की होगी LIVE स्ट्रीमिंग (Photo: X/@BCCI)
टीवी-OTT के बाद अब TikTok पर क्रिकेट का रोमांच, भारत-NZ मैच के शुरुआती 6 ओवर की होगी LIVE स्ट्रीमिंग (Photo: X/@BCCI)

क्रिकेट फैन्स के लिए एक नया प्रयोग होने जा रहा है. अब तक डांस, मजेदार वीडियो और वायरल रील्स के लिए मशहूर ट‍िकटॉक( TikTok) पर क्रिकेट का रोमांच भी देखने को मिलेगा.

न्यूजीलैंड क्रिकेट और ब्रॉडकास्टर Sky ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 इंटरनेशनल सीरीज के चुनिंदा मुकाबलों के शुरुआती 6 ओवर ट‍िकटॉक पर लाइव स्ट्रीम करने का ऐलान किया है. इसकी शुरुआत गुरुवार, 22 अक्टूबर को होने वाले पहले T20I से होगी.

इस पहल का मकसद खास तौर पर युवा दर्शकों को क्रिकेट से जोड़ना है. इसके लिए मैच के शुरुआती ओवरों को मोबाइल पर वीडियो देखने के लोकप्रिय वर्टिकल फॉर्मेट में दिखाया जाएगा. यानी ट‍िकटॉक पर स्क्रॉल करते हुए न्यूजीलैंड के दर्शक लाइव क्रिकेट का एक्शन भी देख सकेंगे.

ट‍िकटॉक पर कहां और कैसे देख पाएंगे क्रिकेट?
न्यूजीलैंड क्रिकेट और Sky की इस पहल के तहत आधिकारिक BLACKCAPS ट‍िकटॉक अकाउंट पर मैच के शुरुआती 6 ओवरों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी. यह सुविधा न्यूजीलैंड में रहने वाले दर्शकों के लिए है.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला T20 इंटरनेशनल क्राइस्टचर्च में स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजे शुरू होगा. भारतीय समय के मुताबिक मुकाबला दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा.

Advertisement

हालांकि, ट‍िकटॉक  पर पूरा मैच नहीं दिखाया जाएगा. यहां सिर्फ शुरुआती 6 ओवरों का लाइव एक्शन देखने को मिलेगा. ये ओवर T20 क्रिकेट में काफी अहम होते हैं, क्योंकि फील्डिंग पर लगी पाबंदियों के कारण बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं. इस दौरान बड़े शॉट्स के साथ शुरुआती विकेट गिरने की संभावना भी रहती है.

युवा दर्शकों को जोड़ने की तैयारी
स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग के तौर-तरीके तेजी से बदल रहे हैं. अब खेल आयोजक और प्रसारणकर्ता पारंपरिक टेलीविजन और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के अलावा उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका युवा रोजाना इस्तेमाल करते हैं.

न्यूजीलैंड क्रिकेट की यह पहल भी इसी रणनीति का हिस्सा है. शुरुआती 6 ओवरों में तेजी से बदलता खेल और आक्रामक बल्लेबाजी मोबाइल पर लाइव क्रिकेट देखने वाले दर्शकों को आकर्षित कर सकती है.

इस प्रयोग के जरिए युवा दर्शकों को क्रिकेट से जोड़ने और उन्हें पूरा मैच देखने के लिए प्रेरित करने की कोशिश की जाएगी. न्यूजीलैंड में पूरा भारत-न्यूजीलैंड मुकाबला Three चैनल और ThreeNow पर फ्री-टू-एयर उपलब्ध होगा.

भारत में कहां देख पाएंगे भारत-NZ T20 सीरीज?
भारत में इस T20 सीरीज का प्रसारण Sony Sports Network पर किया जाएगा. वहीं, मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर उपलब्ध होगी. न्यूजीलैंड में दर्शक Three और ThreeNow पर पूरा मैच देख सकेंगे, जबकि TikTok पर शुरुआती 6 ओवरों की लाइव स्ट्रीमिंग का विकल्प मिलेगा.

Advertisement

फिलहाल ट‍िकटॉक पर पूरा T20 मुकाबला दिखाने की योजना नहीं है, लेकिन यह पहल क्रिकेट को युवा दर्शकों तक पहुंचाने का नया तरीका है. अब देखना होगा कि रील्स के दौर में लाइव क्रिकेट का यह प्रयोग दर्शकों को कितना पसंद आता है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement