scorecardresearch
 

उम्र 40 पार, जोश बरकरार... क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में धूम मचा सकते हैं ये 3 बुजुर्ग क्रिकेटर्स

वर्ल्ड कप 2027 में उम्रदराज खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बात को फिर साबित करेगी कि आधुनिक क्रिकेट में अनुभव की अपनी अलग अहमियत है. वैन डर मर्व और मोहम्मद नबी 42 साल की उम्र में टूर्नामेंट खेल सकते हैं, जबकि रोहित शर्मा 40 की उम्र में भारत के लिए चौथा वनडे वर्ल्ड कप खेलते नजर आ सकते हैं. हालांकि, अभी किसी की वर्ल्ड कप टीम में जगह तय नहीं है. अंतिम फैसला खिलाड़ियों की फिटनेस, मौजूदा प्रदर्शन और चयनकर्ताओं के फैसले पर निर्भर करेगा.

Advertisement
X
वर्ल्ड कप अब ज्यादा दूर नहीं, उम्रदराज खिलाड़ियों पर निगाहें. (Photo: PTI/ICC)
वर्ल्ड कप अब ज्यादा दूर नहीं, उम्रदराज खिलाड़ियों पर निगाहें. (Photo: PTI/ICC)

आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल 1 अक्टूबर को रिलीज कर दिया गया. इसके साथ ही इस मेगा टूर्नामेंट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. आगामी वर्ल्ड कप में सिर्फ युवा सितारों पर ही नजरें नहीं होंगी. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में कुछ ऐसे अनुभवी खिलाड़ी भी मैदान पर नजर आ सकते हैं, जिनकी उम्र 40 के पार पहुंच चुकी होगी.

क्रिकेट में फिटनेस और प्रदर्शन के दम पर खिलाड़ियों का करियर पहले के मुकाबले लंबा हुआ है. यही वजह है कि कई दिग्गज अब भी इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय हैं. अगर उन्हें अपनी-अपनी टीमों में जगह मिलती है, तो 2027 वर्ल्ड कप में उम्र के लिहाज से खास रिकॉर्ड बन सकते हैं...

1. रूलोफ वैन डर मर्व (42 साल): इस सूची में सबसे उम्रदराज नाम साउथ अफ्रीका में जन्मे नीदरलैंड्स के ऑलराउंडर रूलोफ वैन डर मर्व का है. उनका जन्म 31 दिसंबर 1984 को जोहानिसबर्ग में हुआ था. अक्टूबर 2026 में उनकी उम्र 41 साल है और 2027 वर्ल्ड कप के दौरान वह 42 साल के हो चुके होंगे. वैन डर मर्व बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं.

साउथ अफ्रीका में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने 2015 में डच नागरिकता हासिल की और बाद में नीदरलैंड्स के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना शुरू किया. 41 साल की उम्र में भी वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर नहीं हुए हैं. 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने नीदरलैंड्स का प्रतिनिधित्व किया. अगर नीदरलैंड्स 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करता है और वैन डर मर्व को टीम में जगह मिलती है, तो वह टूर्नामेंट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं.

Advertisement

2. मोहम्मद नबी (42 साल): अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी भी 2027 वर्ल्ड कप में 42 साल की उम्र में उतर सकते हैं. नबी का जन्म 1 जनवरी 1985 को अफगानिस्तान के लोगार प्रांत में हुआ था. वह 1 जनवरी 2027 को 42 साल के हो जाएंगे. दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिनर नबी अफगानिस्तान के उस दौर का हिस्सा रहे हैं, जिसने टीम को इंटरनेशनल क्रिकेट में पहचान दिलाई. उन्होंने 2009 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और लंबे समय तक अफगानिस्तान की टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान से दो-दो बार भिड़ सकती है टीम इंडिया... क्रिकेट वर्ल्ड कप शेड्यूल की पूरी ABCD समझिए

मोहम्मद नबी ने 19 अप्रैल 2009 को स्कॉटलैंड के खिलाफ ओडीआई डेब्यू किया था. उनका अनुभव सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है. वह अफगानिस्तान की कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और वर्ल्ड कप अभियानों का हिस्सा रह चुके हैं. 2026 में भी नबी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं. उन्होंने 20 जून 2026 को चेन्नई में भारत के खिलाफ ओडीआई मुकाबला भी खेला. ऐसे में अगर वह अपनी फिटनेस और फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो 2027 वर्ल्ड कप में एक बार फिर अफगानिस्तान की जर्सी में नजर आ सकते हैं.

3. रोहित शर्मा (40 साल): भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा भी इस सूची में शामिल हैं. 30 अप्रैल 1987 को नागपुर में जन्मे रोहित की उम्र 2027 वनडे वर्ल्ड कप में 40 पार हो चुकी रहेगी. रोहित ने जून 2024 में टी20 इंटरनेशनल और मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. इसके बाद वनडे क्रिकेट उनके इंटरनेशनल करियर का एकमात्र सक्रिय प्रारूप रह गया. उन्होंने 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा भी जाहिर की है. 2026 में रोहित ने वनडे क्रिकेट में अपनी उपयोगिता एक बार फिर साबित की. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 19 जुलाई को खेले गए ओडीआई में उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रनों की शानदार पारी खेली थी.

Advertisement

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भी रोहित शर्मा का बल्ला चला है. गुवाहाटी ओडीआई में उन्होंने 101 रनों की पारी खेली. यह उनके वनडे करियर का 35वां शतक था. इसी पारी के दौरान उन्होंने 50 ओवर के क्रिकेट में 12000 रनों का आंकड़ा भी पार किया. अगर रोहित 2027 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुने जाते हैं, तो यह उनका चौथा वनडे वर्ल्ड कप होगा. इससे पहले वह 2015, 2019 और 2023 के विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement