scorecardresearch
 

'मुश्किल वक्त में जय शाह...', T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गौतम गंभीर भावुक, द्रविड़-लक्ष्मण को समर्पित की ट्रॉफी, VIDEO

टीम इंड‍िया के हेड कोच गौतम गंभीर ने T20 वर्ल्ड कप 2026 जीत को राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और अजीत अगरकर को समर्पित किया. अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत तीसरी बार चैम्प‍ियन बना. गंभीर ने कहा कि कठिन दौर में सिर्फ जय शाह ने उनका हौसला बढ़ाया. हालांकि उनकी कोचिंग में टीम को टेस्ट क्रिकेट में निराशा भी मिली है.

Advertisement
X
गंभीर का बड़ा दिल! T20 वर्ल्ड कप जीत द्रविड़-लक्ष्मण-अगरकर को समर्पित, जय शाह को कहा धन्यवाद (Photo:ITG)
गंभीर का बड़ा दिल! T20 वर्ल्ड कप जीत द्रविड़-लक्ष्मण-अगरकर को समर्पित, जय शाह को कहा धन्यवाद (Photo:ITG)

टीम इंड‍िया के हेड कोच गौतम गंभीर ने T20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत को भारतीय क्रिकेट के उन लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने टीम की मजबूत नींव तैयार की. भारत ने रव‍िवार (8 मार्च को) न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. यह भारत का तीसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब है और वह इस टूर्नामेंट को लगातार दो बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गई.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेड‍ियम में खेले गए फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा कि यह सफलता सिर्फ मौजूदा टीम की नहीं बल्कि उन लोगों की भी है जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को मजबूत बनाया.

द्रविड़ और लक्ष्मण को समर्पित की जीत
गंभीर ने सबसे पहले पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रव‍िड़ को इस जीत का श्रेय दिया. उन्होंने कहा कि द्रविड़ ने अपने कार्यकाल में भारतीय टीम की संरचना और स्थिरता को मजबूत किया, जिसका फायदा टीम को आज भी मिल रहा है.

इसके बाद गंभीर ने वीवीएस लक्ष्मण की भी तारीफ की. लक्ष्मण इस समय BCCI (Board of Control for Cricket in India) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से जुड़े हैं और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

गंभीर ने कहा- सबसे पहले मैं यह ट्रॉफी राहुल भाई को समर्पित करना चाहता हूं और फिर लक्ष्मण भाई को. राहुल भाई ने भारतीय क्रिकेट को जिस तरह मजबूत रखा, वह अविश्वसनीय है.

Advertisement

अगरकर के बारे में गंभीर ने क्या कहा?
टीम इंड‍िया के चीफ सेलेक्टर  अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) का जिक्र करते हुए गंभीर ने कहा कि वह अक्सर आलोचना झेलते हैं, लेकिन टीम सेलेक्शन में उनकी ईमानदारी और प्रतिबद्धता शानदार रही है. गंभीर ने कहा कि अगरकर ने लगातार भारतीय टीम के लिए सही फैसले लेने की कोशिश की और टीम के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद आलोचकों पर जमकर बरसे, कहा- सोशल मीडिया नहीं, ड्रेसिंग रूम के लिए जवाबदेह

सबसे मुश्किल वक्त में जय शाह का फोन आया: गंभीर 
गंभीर ने जय शाह  को भी खास तौर पर धन्यवाद दिया. उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के सबसे कठिन समय में सिर्फ जय शाह ने उनसे संपर्क किया था.गंभीर ने कहा-जब मेरा समय सबसे खराब चल रहा था, तब बहुत कम लोगों ने फोन किया. न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद सिर्फ जय भाई का फोन आया था. उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे यह जिम्मेदारी दी, जबकि मेरे पास पहले किसी टीम का हेड कोच बनने का अनुभव भी नहीं था. 
यह भी पढ़ें: MS धोनी ने कोच गंभीर को लेकर लिखी इंस्टा पोस्ट, टीम इंडिया के चैम्पियन बनने पर माही की बधाई VIRAL

Advertisement

गंभीर के कार्यकाल में कहां टीम इंड‍िया रही कमजोर 
गंभीर के कार्यकाल में भारत ने ल‍िम‍िटेड ओवर्स के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. टीम ने 2025 ICC चैम्प‍ियंस ट्रॉफी और 2026 T20 World Cup दोनों खिताब जीते.हालांकि टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा. भारत 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप के फाइनल में जगह नहीं बना पाया और घरेलू टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा. फिलहाल गंभीर के 2027 ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप तक टीम के साथ बने रहने की संभावना है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन पर बोर्ड की नजर बनी रहेगी.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement