क्रिकेट के मैदान पर कई बार कुछ खिलाड़ी ऐसा कारनामा कर देते हैं, जिसे फैन्स सालों याद रखते हैं. लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर टी20 ब्लास्ट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. इस मैच में समरसेट ने यॉर्कशायर को 1 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रेग ओवरटन इस करिश्माई जीत के असली हीरो रहे. उन्होंने बल्ले से ऐसा कमाल किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान है.
क्रेग ओवरटन ने रचा इतिहास
क्रेग ओवरटन ने समरसेट की ओर से खेलते हुए नंबर 9 पर आकर टी20 क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी और यादगार पारियों में से एक खेल दी. समरसेट की टीम 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 82 रन पर 8 विकेट खोकर हार की कगार पर खड़ी थी. ऐसे में 9वें नंबर पर ओवरटन ने आकर मोर्चा संभाला. उन्होंने नंबर 9 पर बल्लेबाजी करते हुए टी20 इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाकर टीम को जीत दिला दी.
टूट गया 13 साल पुराना रिकॉर्ड
ओवरटन ने जम्मू-कश्मीर के सैयद सागर के 13 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया. सागर ने साल 2013 में 9वें नंबर पर आकर हरियाणा के खिलाफ 74 रनों की पारी खेली थी. इसके साथ ही उन्होंने मिडलसेक्स के लिए टिम साउदी के टी20 ब्लास्ट में बनाए गए नाबाद 64 रनों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. क्रैग के भाई जेमी ओवरटन आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं.
ऐसा रहा था मैच का हाल
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी यॉर्कशायर की टीम ने एडम लिथ के शानदार 64 रनों की बदौलत 20 ओवरों में 161/9 का स्कोर खड़ा किया था. समरसेट के लिए जेक बॉल ने 3 और राइली मेरेडिथ ने 2 विकेट चटकाए, जबकि ओवरटन ने पहली ही गेंद पर मोईन अली को शून्य पर आउट कर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिला दी. लक्ष्य का पीछा करने उतरी समरसेट की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही. थॉमस रीव, जेम्स रीव और टॉम बैंटन महज 1-1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. पूरी टीम 59 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी और कप्तान लुईस ग्रेगरी के 82 के कुल स्कोर पर आउट होते ही समरसेट की हार तय मानी जा रही थी.
आखिरी 2 ओवरों में जीत के लिए चाहिए थे 39 रन
समरसेट को आखिरी 2 ओवरों में 39 रन चाहिए थे. ओवरटन ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इस ओवर से 17 रन बटोरे. इसके साथ ही आखिर ओवर में 22 रनों की दरकार रह गई थी. अंतिम ओवर को करने के लिए मैथ्यू रेविस आए, लेकिन ओवरटन ने शुरुआती तीन गेंदों पर लगातार 3 गगनचुंबी छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया. फिर पांचवीं गेंद पर चौका जड़ एक गेंद रहते ही टीम को जीत दिला दी.