दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा समेत तीनों भारतीय खिलाड़ियों ने गुरुवार को ग्लास्गो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली. क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्ष-12 में रहकर नीरज के साथ रोहित यादव और यशवीर सिंह भी पदक दौर में पहुंच गए. फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार शुक्रवार रात 11 बजे शुरू होगा.
2018 कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 79.61 मीटर भाला फेंका और क्वालिफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहे. वहीं, रोहित यादव (78.37 मीटर) नौवें और यशवीर सिंह (78.36 मीटर) दसवें स्थान पर रहे. इस तरह तीनों भारतीय एथलीट शीर्ष-12 में जगह बनाकर फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे.
इसके साथ ही इस स्पर्धा में उतरा पूरा भारतीय दल फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहा.

नीरज हर राउंड में सबसे आखिर में थ्रो करने उतरे. हालांकि, तीसरे और अंतिम प्रयास से पहले ही उनका फाइनल में स्थान पक्का हो चुका था, इसलिए उन्होंने अपना आखिरी प्रयास नहीं किया.
दिलचस्प बात यह रही कि 18 प्रतिभागियों में से कोई भी 84 मीटर के स्वत: क्वालीफिकेशन मानक को पार नहीं कर सका.
खंडरा से उठी एक ही आवाज- 'गोल्ड लेकर आओ'
नीरज के फाइनल में पहुंचने की खबर से उनके पैतृक गांव खंडरा में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया. नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने कहा कि देश के सभी खिलाड़ियों ने विषम परिस्थितियों में भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नीरज फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे. अब पूरे देश की निगाहें फाइनल पर टिकी हैं और सभी को नीरज से गोल्ड मेडल की उम्मीद है.