1 नवंबर को भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन टी20 में 7 विकेट से हार मिली. इस तरह दोनों ही देशों के बीच सीरीज खत्म हो गई. टीम इंडिया ने सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया. इस सीरीज में भारतीय टीम की जीत के बाद भी कई मुद्दे ऐसे रहे, जहां टीम मैनेजमेंट को सोचना होगा.
भारतीय टीम की अब इस टी20 क्रिकेट में वापसी इसी साल दिसंबर में होगी, जहां उसका सामना घरेलू धरती पर श्रीलंका से होगा. यह टी20 सीरीज 3 मैचों की होगी और 22 दिसंबर, 24 दिसंबर और 27 दिसंबर को मुकाबले होने हैं. ऐसे में टी20 टीम के खिलाड़ियों को एक ब्रेक मिल रहा है.
लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज के जीत के बाद भी एक सबसे बड़ा सवाल भुवनेश्वर कुमार को लेकर उठ रहा है. सवाल इस बात का है कि क्या उनको इस दिसंबर वाली टी20 में टीम इंडिया में मौका मिलेगा भी या नहीं, दरअसल, भुवेश्वर कुमार के इस टी20 सीरीज में वैसे नहीं रहे, जिसकी उनसे उम्मीद की गई थी.
भुवनेश्वर कुमार का टी20 सीरीज में कैसा रहा प्रदर्शन रहा?
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अनुभवी तेज गेंदबाज 36 साल के भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन काफी महंगा रहा. उन्होंने सीरीज के दौरान कुल 16 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ एक विकेट हासिल किया. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 180 और इकोनॉमी रेट 11.25 रहा.
भुवनेश्वर की ओवर के हिसाब से इकोनॉमी
| ओवर | इकोनॉमी रेट |
| पहला ओवर | 5.25 |
| दूसरा ओवर | 11.25 |
| तीसरा ओवर | 15.75 |
| चौथा ओवर | 12.75 |
भुवनेश्वर के आंकड़ों में सबसे चौंकाने वाली बात तीसरे ओवर का प्रदर्शन रहा. इस ओवर में उन्होंने 15.75 रन प्रति ओवर खर्च किए. वहीं, पहले ओवर में उनकी इकोनॉमी 5.25 रही, लेकिन दूसरे और चौथे ओवर में भी वह रन रोकने में नाकाम रहे. यानी भुवनेश्वर को विकेट लेने के साथ-साथ रन रोकने में भी संघर्ष करना पड़ा.
वैसे यही भुवनेश्वर कुमार आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 17.89 के एवरेज और 7.95 की इकोनॉमी से 28 विकेट लिए थे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद उनसे इंटरनेशनल क्रिकेट में भी इसी तरह की गेंदबाजी की उम्मीद थी, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ वह ऐसा नहीं कर सके. अब दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम चयन पर सबकी नजर रहेगी. क्या भुवनेश्वर को एक और मौका मिलेगा या टीम मैनेजमेंट किसी दूसरे तेज गेंदबाज पर भरोसा जताएगा? फिलहाल उनके प्रदर्शन ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है.