भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में आयोजित निर्णायक ओडीआई से पहले बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खिलाड़ियों को ऐसी सलाह दी है, जिसकी चर्चा पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है. रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही बहस के बीच शुक्ला ने भारतीय खिलाड़ियों से कहा कि वे बाहरी शोर से दूर रहें और सोशल मीडिया पर चलने वाली राय को ज्यादा महत्व ना दें.
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि भारत में लगभग हर व्यक्ति खुद को क्रिकेट का जानकार मानता है. ऐसे में खिलाड़ियों के लिए सबसे जरूरी है कि वे अपना पूरा ध्यान सिर्फ मैदान पर होने वाले प्रदर्शन पर रखें.
राजीव शुक्ला ने कहा, 'भारत में समस्या यह है कि 99 प्रतिशत लोग खुद को क्रिकेट एक्सपर्ट समझते हैं. इसलिए मेरी सलाह है कि सोशल मीडिया से जितना हो सके दूर रहें. टीम इंडिया में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. यह टीम बेहतरीन खिलाड़ियों से भरी हुई है.' उनका इशारा साफ था कि खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना, अफवाहों और बहस से प्रभावित होने की जरूरत नहीं है.
पिछले कुछ दिनों से ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि इंग्लैंड दौरे के बाद रोहित शर्मा ओडीआई क्रिकेट से भी संन्यास ले सकते हैं. यहां तक दावा किया गया कि लॉर्ड्स ओडीआई उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है. हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन खबरों का तुरंत खंडन किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि रोहित शर्मा भारत की वनडे टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं और जब तक वह टीम की रणनीति में फिट बैठते रहेंगे, तब तक खेलते रहेंगे.
कप्तान शुभमन गिल ने क्या कहा?
इसके बावजूद सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बहस लगातार जारी है. पूर्व क्रिकेटरों, विशेषज्ञों और फैन्स की अलग-अलग राय सामने आ रही है. इसी कार्यक्रम में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी बताया कि वह बड़े मैचों के दबाव और बाहरी चर्चाओं से कैसे खुद को अलग रखते हैं.
शुभमन गिल ने कहा, 'मैं हमेशा उन्हीं चीजों पर फोकस करता हूं जो मेरे नियंत्रण में हैं. बाहरी बातें या सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएं मेरे फैसलों को प्रभावित नहीं करतीं.' शुभमन के इस बयान को भी राजीव शुक्ला की सलाह से जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि टीम मैनेजमेंट लगातार खिलाड़ियों से बाहरी शोर को नजरअंदाज कर सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान देने की बात कर रहा है.