scorecardresearch
 

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी, ग्लेन मैक्सवेल बाहर, इन नए खिलाड़ियों को मौका

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में कई चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिले हैं. स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेत समेत कुछ बड़े नामों को बाहर कर दिया गया है. क्रिकेट बोर्ड ने आगामी व्यस्त टेस्ट शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है.

Advertisement
X
ग्लेन मैक्सवेल खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, वो आईपीएल 2026 का भी हिस्सा नहीं हैं. (Photo: PTI)
ग्लेन मैक्सवेल खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, वो आईपीएल 2026 का भी हिस्सा नहीं हैं. (Photo: PTI)

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 2026-27 सीजन के लिए खिलाड़ियों की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी है. कुल 21 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को इस लिस्ट में जगह मिली है. सबसे बड़ा झटका स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को लगा है, जिन्हें कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया गया. उनके अलावा युवा ओपनर सैम कोंस्टास, तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन और इन फॉर्म बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ भी इस लिस्ट से बाहर हैं.

देखा जाए तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में कुछ नए और उभरते खिलाड़ियों को शामिल किया है. बैकअप स्पिनर टॉड मर्फी के अलावा टेस्ट टीम में शामिल किए गए नए चेहरों ब्रैंडन डॉगेट (तेज गेंदबाज) और जेक वेदराल्ड (ओपनर) को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम का अगले 12 महीनों का कार्यक्रम बेहद व्यस्त है. ऑस्ट्रेलियाई टीम अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगी. इसके बाद साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ भी कंगारू टीम की टेस्ट सीरीज होनी है. ये मुकाबले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं.

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की अंकतालिका में ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल शीर्ष पर बनी हुई है. चयन समिति के प्रमुख जॉर्ज बैली ने कहा कि इस बार चयन में टेस्ट और मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है क्योंकि टीम को अलग-अलग परिस्थितियों में लगातार क्रिकेट खेलना है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी इस सूची में शामिल नहीं हैं, वे आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन कर कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर सकते हैं.

Advertisement

2026-27 सीजन के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट: जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रैंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर और एडम जाम्पा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement