scorecardresearch
 

पहले रोहित, अब सूर्या... भारतीय क्रिकेट में कुछ बड़ा होने वाला है!

भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है. पिछले साल रोहित शर्मा को वनडे कैप्टेंसी से हटाने के बाद अब सूर्यकुमार यादव का भविष्य अधर में बताया जा रहा है. बीसीसीआई सूर्या को सिर्फ कप्तानी से हटाने पर ही नहीं, बल्कि टी20 टीम से बाहर करने पर भी विचार कर रहा है.

Advertisement
X
सूर्यकुमार यादव की टी20 कैप्टेंसी जा सकती है. (Photo: PTI)
सूर्यकुमार यादव की टी20 कैप्टेंसी जा सकती है. (Photo: PTI)

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के गलियारों में इन दिनों सबसे बड़ी चर्चा टी20 टीम के भविष्य को लेकर हो रही है. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 खत्म होने के बाद अब बीसीसीआई की नजर अगले टी20 विश्व कप साइकिल पर है और इसी कड़ी में कुछ बड़े एवं सख्त फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है.

टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम में जगह को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. चयनकर्ताओं ने आईपीएल 2026 के जरिए उन्हें खुद को साबित करने का मौका दिया था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा.  समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई अब उन्हें कप्तानी से हटाने के साथ-साथ टीम की लंबी अवधि की योजनाओं से भी बाहर करने पर विचार कर रही है. अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय क्रिकेट में इस साल का सबसे बड़ा फैसला माना जाएगा. सूर्यकुमार को एक समय टी20 टीम का अहम चेहरा माना जा रहा था, लेकिन अब परिस्थितियां तेजी से बदलती नजर आ रही हैं.

रोहित को यूं कप्तानी से हटाया गया था
रोहित शर्मा ने पिछले साल अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई थी. हालांकि उसके बाद उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था और शुभमन गिल आगे चलकर नए कप्तान बने. रोहित को लेकर फैसला पिछले आईपीएल सीजन के दौरान ही बोर्ड के अधिकारियों ने ले लिया था. तब बीसीसीआई के हेडक्वार्टर में मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच मुकाबले से पहले इमरजेंसी मीटिंग हुई थी.

Advertisement

अब ठीक उसी तरह से सूर्यकुमार यादव को लेकर बीसीसीआई फैसला लेने जा रहा है. इसके लिए बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल कमेटी की ऑनलाइन बैठक गुरुवार को ही होनी है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता. लेकिन अब बोर्ड ऐसे खिलाड़ी को कप्तान बनाना चाहता है जो लंब वक्त तक जिम्मेदारी संभाल सके.

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा उस बैठक को लेकर ही हो रही  है. क्रिकेट जानकारों का मानना है कि अगर मामला सिर्फ कप्तान बदलने का होता तो फैसला चयन समिति और टीम मैनेजमेंट के स्तर पर ही लिया जा सकता था, लेकिन एपेक्स काउंसिल कमेटी की मीटिंग होना इस बात का संकेत है कि बोर्ड सिर्फ एक खिलाड़ी या कप्तान नहीं, बल्कि पूरे टी20 ढांचे को नए सिरे से देखने की तैयारी में है.

नए कप्तान की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार श्रेयस अय्यर माने जा रहे हैं. उन्होंने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में कप्तान के तौर पर खुद को साबित किया है. वहीं युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भविष्य की योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है. श्रीलंका-ए दौरे पर उन्हें कप्तानी सौंपना भी इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है.

कोच गंभीर की पसंद ये खिलाड़ी
हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती. रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य कोच गौतम गंभीर की सोच चयनकर्ताओं से पूरी तरह मेल नहीं खाती. गंभीर की पसंद संजू सैमसन बताए जाते हैं, लेकिन चयनकर्ता लंबी अवधि के लिए युवा नेतृत्व विकल्पों पर ज्यादा भरोसा जता रहे हैं.

Advertisement

यही वजह है कि क्रिकेट गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि भारतीय टीम अब टी20 विश्व कप 2028 को ध्यान में रखकर एक नई कोर टीम तैयार करने की दिशा में बढ़ रही है. इस योजना में कुछ बड़े नामों की जगह युवा खिलाड़ियों को दी जा सकती है. कप्तानी में परिवर्तन तो सिर्फ शुरुआत हो सकती है.

रोहित शर्मा के बाद अगर सूर्यकुमार यादव पर भी बड़ी कार्रवाई होती है, तो यह साफ संकेत होगा कि बीसीसीआई अब भविष्य की टीम बनाने के लिए भावनाओं नहीं, बल्कि प्रदर्शन और दीर्घकालिक रणनीति के आधार पर फैसले लेने के मूड में है.

फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. लेकिन एक बात तय है- भारतीय क्रिकेट में कुछ बड़ा पक रहा है और आने वाले दिनों में लिए गए फैसले टी20 टीम के भविष्य की दिशा तय कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement