इटली के सिसिली द्वीप पर मौजूद माउंट एटना इन दिनों लावा और राख उगल रहा है. ज्वालामुखी से निकलता लावा देखने के लिए बड़ी संख्या में टूरिस्ट वहां पहुंच रहे हैं. Photo: AFP
हर शाम करीब 2000 लोग एटना की ओर जा रहे हैं. इनमें कई लोग बिना गाइड के भी ऊपर पहुंच रहे हैं. इससे स्थानीय गाइड और प्रशासन लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. Photo: AFP
माउंट एटना यूरोप का सबसे ऊंचा एक्टिव ज्वालामुखी है. पिछले कई दिनों से यहां लावा और राख निकल रही है. इसका असर आसपास के इलाकों के साथ हवाई सफर पर भी पड़ा है. ज्वालामुखी से निकलने वाली राख की वजह से सिसिली का कैटानिया एयरपोर्ट भी बंद करना पड़ा. यह एयरपोर्ट सिसिली आने वाले टूरिस्ट के लिए काफी अहम है. Photo: AFP
एटना से निकलते लावे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं. इन्हें देखकर लोग ज्वालामुखी को करीब से देखने पहुंच रहे हैं. स्थानीय गाइड कंपनियों के मुताबिक, इन दिनों उन्हें आम दिनों से कई ज्यादा लोगों के फोन और मैसेज आ रहे हैं. Photo: AFP
स्थानीय गाइड डेनियल पेरीचेली ने बताया कि उनकी कंपनी आम तौर पर हर शाम कुछ दर्जन लोगों को एटना पर ले जाती है. लेकिन अभी रोज करीब 300 लोग उनके पास जानकारी लेने के लिए संपर्क कर रहे हैं. यह आम गर्मियों के दिनों से करीब तीन गुना ज्यादा है. Photo: AFP
एक और स्थानीय गाइड अर्नेस्टो मारिया मैग्री ने बताया कि ज्वालामुखी देखने के लिए आसपास रहने वाले लोग भी ऊपर जा रहे हैं. कई जगहों पर काफी भीड़ हो रही है और लोग रास्तों के आसपास जमा हो रहे हैं. Photo: AFP
गाइडों की सबसे बड़ी चिंता उन लोगों को लेकर है, जो अकेले ही ज्वालामुखी की ओर जा रहे हैं. गाइडों के मुताबिक, एटना की स्थिति कभी भी बदल सकती है. इसलिए वहां के रास्तों और हालात की जानकारी होना जरूरी है. Photo: AP
डेनियल पेरीचेली ने बताया कि हर शाम करीब 2,000 लोग ऊपर जा रहे हैं. इससे रास्तों पर काफी भीड़ हो रही है. उन्होंने बताया कि कुछ लोग चप्पल पहनकर भी ज्वालामुखी की ओर जाते दिखे. गाइडों ने प्रशासन से ऐसे लोगों पर नजर रखने की अपील की है. Photo: Reuters
कुछ लोग लावे के काफी पास जाकर फोटो और वीडियो भी बना रहे हैं. सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इटली की टीवी होस्ट डिलेट्टा लिओट्टा की भी लावे के पास की तस्वीरों को लेकर आलोचना हुई. Photo: Reuters
गाइडों का कहना है कि एटना का लावा देखने की लोगों में काफी दिलचस्पी है, लेकिन इसके लिए अपनी सुरक्षा को खतरे में डालना सही नहीं है. ज्वालामुखी के पास जाते समय तय रास्तों पर रहना और गाइड की बात मानना जरूरी है. Photo: Reuters
फिलहाल माउंट एटना से लावा और राख निकलना जारी है. इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ रही है, लेकिन गाइड लोगों से सावधानी बरतने और बिना जानकारी के ज्वालामुखी की ओर न जाने की अपील कर रहे हैं. Photo: AFP