नवरात्र के पांचवें दिन देवी स्कंदमाता के स्वरूप के पूजा की जा रही है. स्कंद भगवान कार्तिकेय का एक नाम है, जो शिव और पार्वती के पुत्र हैं. कार्तिकेय की मां के रूप में देवी सारे संसार की ही माता हैं. लेकिन सवाल है देवी का कौन सा स्वरूप सबसे पहले प्रकट हुआ था, वह किस रूप में पहली बार सामने आई थीं?
कैसे प्रकट हुआ देवी का पहला स्वरूप?
इसका जवाब मार्कंडेय पुराण के सप्तशती से मिलता है. श्री दुर्गा सप्तशती में देवी के पहले स्वरूप का जिक्र मिलता है. इसके अनुसार देवी ललिता त्रिपुर सुंदरी ने अपने ही अंश से तीन महाशक्तियों को प्रकट किया. उन्होंने ब्रह्माजी के लिए अपना सत्य अंश ब्राह्मी प्रकट किया. यही विद्या का स्वर रूप है जिसे सरस्वती कहते हैं. फिर उन्होंने अपने रजोगुण से देवी महालक्ष्मी को प्रकट किया और तीसरी शक्ति जो खुद कालस्वरूपा थी उससे महाकाली को प्रकट किया. देवी त्रिपुर सुंदरी ही अलग-अलग अंशों के रूप में विभक्त होकर ब्रह्ना-विष्णु और महेश की शक्ति बनकर सहायता करती हैं.
विद्या स्वरूप देवी सरस्वती पहले हुईं प्रकट
इस तरह इन तीनों शक्तियों को उन्होंने ब्रह्मा-विष्णु महेश को सौंपा जो उनके भीतर ही उनकी शक्ति और चेतना बनकर समा गई. इसीलिए हम इन तीनों शक्तियों को आसानी से समझने के लिए ब्रह्मा-विष्णु और शिव की पत्नी भी कह देते हैं. इस तरह देखा जाए तो देवी का पहला प्रकट स्वरूप तीनों महाविद्या का है. इसमें भी उन्होंने देवी सरस्वती को पहले प्रकट किया.
कहां से शुरू होती है दुर्गा सप्तशती की कहानी
देवी सरस्वती जो सभी तरह के ज्ञान की देवी हैं, उसी ज्ञान के रूप में वह भगवान विष्णु के मस्तक के बीच उनकी स्मृति (याद्दाश्त) बनकर रहती हैं. जब भगवान विष्णु योगनिद्रा में लीन होते हैं तो देवी उनके मस्तक के बीच आज्ञा चक्र में स्थित होकर सारे संसार का ध्यान रखती हैं और योगमाया कहलाती हैं. इन योगमाया का प्रकट स्वरूप कैसे सामने आया, दुर्गा सप्तशती की कहानी यहीं से शुरू होती है.

सबसे पहले दैत्य थे मधु-कैटभ
कहानी कुछ ऐसी है कि प्रलय के बाद जब सृष्टि एक बार फिर स्थिर हुई और सृजन की शुरुआत होने को हुई, ठीक इसी समय रज और तमोगुण के असंतुलन के कारण दो दैत्यों का जन्म हुआ. विष्णु पुराण के अनुसार भगवान विष्णु के कान के मैल से मधु जन्मा और पसीने से कैटभ. इन मधु और कैटभ ने चारों ओर जल ही जल देखा तो वह उसमें खेलने लगे और शोर मचाने लगे. इस तरह का कोलाहल सुनकर ब्रह्म देव के सृष्टि निर्माण के कार्य में बाधा आने लगी तो उन्होंने आंख खोलकर देखा कि दो दैत्य क्षीरसागर में शोर मचा रहे हैं. ब्रह्मदेव उन्हें रोकने आए तो मधु और कैटभ उन्हें ही खाने के लिए दौड़ पड़े.
जब ब्रह्माजी पर मधु-कैटभ ने किया हमला
अपने बचाव का कोई और उपाय न देखकर ब्रह्म देव ने भगवान विष्णु को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह योगनिद्रा में थे तो ऐसे में ब्रह्मा जी शक्ति को ही प्रकट होने के लिए पुकारने लगे. ब्रह्मदेव ने माता, अंबा और देवी कहकर योगनिद्रा की स्तुति की और उनसे भगवान विष्णु को जगाने की विनती करने लगे.
देवी के हैं कई नाम
उन्होंने कहा- देवी! तुम्हीं स्वाहा, तुम्हीं स्वधा, तुम्हीं वषट्कार (पवित्र आहुति मन्त्र) हो. स्वर भी तुम्हारे ही स्वरूप हैं. तुम्हीं जीवदायिनी सुधा हो. नित्य अक्षर प्रणव में अकार, उकार, मकार - इन तीन अक्षरों के रूप में तुम्हीं स्थित हो. तीन अक्षरों के अतिरिक्त जो बिन्दुरूपा नित्य अर्धमात्रा है, जिसका विशेषरूप से उच्चारण नहीं किया जा सकता, वह भी तुम्हीं हो. तुम्हीं सन्ध्या, तुम्हीं सावित्री तुम्हीं समस्त देवीदेवताओं की जननी हो. तुम्हीं इस विश्व ब्रह्माण्ड को धारण करती हो, तुमसे ही इस जगत की सृष्टि होती है. तुम्हीं सबकी पालनहार हो, और सदा तुम्ही कल्प के अन्त में सबको अपना ग्रास बना लेती हो।.
हे देवी! इस जगत की उत्पत्ति के समय तुम सृष्टिरूपा हो और पालनकाल में स्थितिरूपा हो. हे जगन्मयी मां! तुम कल्पान्त के समय संहाररूप धारण करने वाली हो. तुम्हीं महाविद्या, तुम्हीं महामाया, तुम्हीं महामेधा, तुम्हीं महास्मृति हो, तुम्हीं महामोहरूपा, महारूपा तथा महासुरी हो. ब्रह्माजी के इस तरह पुकारने पर देवी योगनिद्रा प्रकट होती हैं और उनकी इच्छा से भगवान विष्णु की नींद खुल जाती है.

यहां पहली बार देवी का दिव्य तेज स्वरूप में प्रकट होना बताया गया है. देखते ही देखते वह तेजपुंज एक स्त्री की आकृति ले लेता है, जो संसार में सबसे सुंदर, शोभनीय और ममता से भरी हुई हैं. यही देवी भगवान विष्णु को दोनों असुरों के विनाश के लिए प्रेरित करती हैं.
ब्रह्मा जी ने अचानक ही देवी के जो-जो नाम लिया और जैसे-जैसे लक्षण बताए, आगे चलकर देवी उन्हीं सभी स्वरूपों और नाम से प्रकट भी हुईं और अवतार भी लिया. जिसमें सबसे पहला स्वरूप योगमाया का है. यही माया संसार को चलाती है. यह माया भ्रम में डालती भी है और इससे उबारती भी है.
मधु-कैटभ क्या आज भी हैं?
मधु-कैटभ नामके दोनों असुर एक प्रतीक भी हैं. मधु प्रतीक है, चाटुकारिता का और कैटभ प्रतीक है निंदा- कुटिलता का. कान से इनका जन्म होने का अर्थ है हमें मीठी मीठी चाटुकारिता भरी बातों से बचना चाहिए और इतनी ही दूरी कुटिलता या निंदा से भी बनाए रखनी चाहिए. हद से अधिक मीठी बातें और किसी की निंदा, ये दो ऐसे दैत्य हैं जो आपके कान में ही जाकर पैदा होते हैं और फिर आपकी ही रचनात्मक ताकत को खत्म करते हैं. इनसे बचने का एक ही उपाय है कि समय रहते आप नींद से जागिए और इन दोनों का अंत कीजिए.
इनका अंत करने की 'शक्ति' हमें देवी से ही मिलती है. यही देवी का सबसे पहला स्वरूप है. यह वही योगमाया है, जिसके सहारे हम जीवन को जी पाते हैं.