scorecardresearch
 

अब ट्रेन से खाटू श्याम जाना होगा आसान! सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन का ब्लू प्रिंट तैयार, देखें डिजाइन

Khatu Shyam Sundarpura Railway Station: रेल मंत्रालय ने राजस्थान के सीकर जिले में खाटू श्याम सुंदरपुरा नाम से नया रेलवे स्टेशन बनाने की मंजूरी दी है. यह स्टेशन मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर होगा. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस रेलवे स्टेशन का डिजाइन खाटू श्याम मंदिर की धार्मिक भव्यता को दर्शाएगा.

Advertisement
X
Khatu Shyam Sundarpura Railway Station (File Photo created by- Vani Gupta/AajTak)
Khatu Shyam Sundarpura Railway Station (File Photo created by- Vani Gupta/AajTak)

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र खाटू श्याम जी तक पहुंचना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. लंबे समय से उठ रही मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है. रेल मंत्रालय ने राजस्थान के सीकर जिले में 'खाटू श्याम सुंदरपुरा' नाम से नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. स्टेशन बनने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में कम समय लगेगा और सफर भी पहले से ज्यादा सुविधाजनक होगा.

रेल मंत्रालय के अनुसार, स्टेशन का निर्माण कार्य इस साल के आखिर या 2027 की शुरुआत में ही शुरू होने की उम्मीद है.जबकि इसे 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यह स्टेशन खाटू श्याम मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर बनाया जाएगा. फिलहाल ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को रींगस रेलवे स्टेशन पर उतरकर लगभग 18 किलोमीटर सड़क मार्ग से सफर करना पड़ता है. नए स्टेशन के शुरू होने के बाद यात्रा का समय लगभग 10 से 15 मिनट कम हो जाएगा.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राजस्थान सरकार भूमि उपलब्ध करा रही है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में राजस्थान दौरे के दौरान इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है. बता दें कि उत्तर भारत के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में शामिल खाटू श्याम मंदिर में हर साल लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. विशेष रूप से फाल्गुन मेले, एकादशी और अन्य प्रमुख अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में नया रेलवे स्टेशन तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.

Advertisement

स्टेशन का डिजाइन भी इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक होगा. अधिकारियों के मुताबिक, इसका वास्तुशिल्प खाटू श्याम मंदिर की धार्मिक भव्यता और पारंपरिक शैली से प्रेरित होगा. स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर बाबा खाटू श्याम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी. जिससे श्रद्धालु स्टेशन पहुंचते ही बाबा के दर्शन कर सकें. आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस इस स्टेशन में वेटिंग रूट, बेहतर पार्किंग, दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल सुविधाएं, ऑटोमेटिक टिकटिंग व्यवस्था, एस्केलेटर, लिफ्ट समेत तमाम सुविधाएं होंगी.

यह स्टेशन जयपुर-रींगस-सीकर रेल लाइन पर सुंदरपुरा क्षेत्र के पास बनाया जाएगा. जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. माना जा रहा है कि इसके बनने से न सिर्फ श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी, बल्कि खाटू क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी. आने वाले वर्षों में खाटू श्याम सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन बाबा श्याम के दरबार तक पहुंचने का नया और प्रमुख प्रवेश द्वार बनकर उभरेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement