राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड इलाके में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कायस्थपाड़ा पुलिया पर दो पक्षों के बीच झगड़ा और जमकर पथराव हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए. घटना के दौरान पुलिस पर भी पत्थर फेंके गए, जिससे हालात और बिगड़ गए. पथराव के चलते एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और करीब एक घंटे तक मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित रहा.
जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस भूमि को लेकर हुआ जिसे एक महीने पहले कोर्ट के आदेश पर खाली कराया गया था. कायस्थपाड़ा निवासी अनिल शर्मा पक्ष के संतोषी लाल ने बताया कि वे उस जमीन पर नींव खोद रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया और झगड़ा-मारपीट होने लगी.
यह भी पढ़ें: धौलपुर: त्यागी छात्रावास फायरिंग केस में 3 आरोपी दबोचे गए, अवैध हथियार जब्त
घटना की सूचना मिलते ही बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन हालात जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गए.
पुलिस पर भी हुआ पथराव
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमलावरों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को भी पत्थर लगे, जिसके बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा. इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
कोतवाली थाना एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि बघेल पक्ष के लोगों की संख्या अधिक थी और महिलाएं भी पथराव कर रही थीं. कुछ लोग छतों से पत्थर फेंक रहे थे, जिससे स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया.
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस को मौके से वापस लौटना पड़ा और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
मामला दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस भी पथराव के संबंध में मामला दर्ज कर रही है. पुलिस के अनुसार, यह विवाद पहले से चल रहा था और उसी को लेकर हिंसा भड़क गई.
एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस के उच्च अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और बड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है.