scorecardresearch
 

'चूहे के बच्चे से जगन गुर्जर की हत्या करवा दी...'   कौमेश गुर्जर खूब गरजी

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद उसकी पत्नी कौमेश गुर्जर ने सवाल खड़े किए हैं. कौमेश ने कहा कि अपने पति की हत्या का बदला दो दिन में लेकर बता देगी. कौमेश ने कहा कि इतने बड़े आदमी का मर्डर चूहा के बच्चे से करा दिया. चूहा के बच्चे ने जान ले ली, हमारी बेइज्जती कर रहे हैं.

Advertisement
X
कौमेश गुर्जर ने आजतक से बातचीत में कई आरोप लगाए (Photo ITG)
कौमेश गुर्जर ने आजतक से बातचीत में कई आरोप लगाए (Photo ITG)

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है. जगन की पत्नी और पूर्व दस्यु कौमेश गुर्जर ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है.

पति की मौत पर गुस्साई कौमेश गुर्जर ने कहा कि उन्हें इस बात का जवाब चाहिए कि हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर आखिर ऐसी घटना कैसे हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जेल के अंदर ही बंदी सुरक्षित नहीं हैं तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. कौमेश ने कहा कि घटना से पहले सुबह और शाम दोनों समय उनकी जगन से बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान जगन ने किसी तरह के खतरे या विवाद का जिक्र नहीं किया था. ऐसे में अचानक हुई हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि जगन की जमानत 29 जून 2026 को होने वाली थी और परिवार उसकी रिहाई की तैयारी कर रहा था. उनके अनुसार अब जबकि घर आने में सिर्फ कुछ दिन बचे थे, उससे पहले ही यह घटना हो गई.

Advertisement

प्रशासन से कई सवाल

कौमेश गुर्जर ने कहा कि यदि जेल में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी तो पूरी घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष तरीके से हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.  घटना को लेकर उन्होंने कई अधिकारियों और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि परिवार को स्पष्ट जानकारी दी जाए कि आखिर जेल के भीतर क्या हुआ.

भावुक अपील और उग्र बयान

आजतक से बातचीत के दौरान कौमेश गुर्जर बेहद गुससे में नजर आईं. उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगी. बातचीत के दौरान उन्होंने कई उग्र और आपत्तिजनक बयान भी दिए, जिनमें बदला लेने जैसी बातें शामिल थीं. कौमेश गुर्जर ने कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो रोड पर खड़ी होकर खुद बच्चों के साथ आत्महत्या कर लूंगी. उन्होंने कहा कि मेरे पति का मर्डर हो गया,लेकिन प्रशासन कुछ नहीं कर रहा हैं. कौमेश ने कहा कि वह किसी दुश्मन का मर्डर कर दे या उसके बच्चे मर्डर कर दें,तो प्रशासन कुछ नहीं करे.

कौमेश ने कहा कि अपने पति की हत्या का बदला दो दिन में लेकर बता देगी. सभी असलियत निकाल कर बता दूंगी. अब प्रशासन कहां गया. कौमेश ने कहा कि इतने बड़े आदमी का मर्डर चूहा के बच्चा से करा दिया. चूहा के बच्चे ने जान ले ली, हमारी बेइज्जती कर रहे हैं. तकिया से गला घोंट दिया, शर्म करो. मेरा कोई क्या गला घोंट देगा. कौमेश ने कहा कि किसने मारा हैं और किस लिए मारा हैं यह पता चलना जरूरी है.  जगन की दुश्मनी धौलपुर में थी और जिले से बाहर उसकी कहीं दुश्मनी नहीं थी. जो दुश्मन हैं उसको हमें निकाल कर दो.

Advertisement

कौमेश ने कहा कि वह शांत नहीं बैठेगी. सड़क पर बैठ जायेगी, लेकिन बदला लेना नहीं छोड़ेगी. कौमेश ने बाड़ी के सीआई देवेंद्र शर्मा पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि तीन लाख रूपये देकर उन्होंने चौधरी पर राजीनामा दिलवाया तो किस लिए जगन को जेल भेजा गया. 15 साल से वह जगन के साथ रह रही हैं. अगर कोई उसे बाहर मारता तो तुरंत उसकी जान ले लेती.

पुराने मामलों का भी किया जिक्र

बातचीत के दौरान कौमेश ने अपने पुराने आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि अतीत में अपने परिवार से जुड़े मामलों में वह जेल जा चुकी हैं. उधर अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल प्रशासन का कहना है कि वारदात से कुछ घंटे पहले तक स्थिति पूरी तरह सामान्य थी. जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार जगन गुर्जर और आरोपी कैदी विष्णु एक ही बैरक में बंद थे. सुबह करीब 11 बजे तक दोनों बैरक की साफ-सफाई करते दिखाई दिए. सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में दोनों सामान्य व्यवहार करते नजर आए. जेल अधिकारियों के मुताबिक लॉक-इन अवधि के दौरान दोनों ने साथ बैठकर लूडो भी खेला. इसके बाद दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ जिसने हत्या का रूप ले लिया, इसकी जांच की जा रही है.

तीन बजे खुला हत्या का राज

Advertisement

जेल प्रशासन के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे जब संतरी बैरक खोलने पहुंचा और कैदियों को चाय के लिए उठाने लगा, तब जगन नहीं उठा. संतरी द्वारा पूछताछ करने पर साथी कैदी विष्णु ने कथित तौर पर हत्या करने की बात स्वीकार की. इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया.

गमछे से गला घोंटने की आशंका

अजमेर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जगन गुर्जर की हत्या गमछे से गला घोंटकर की गई. एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. इससे प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि मौत गला घोंटने से हुई. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी.

सबसे बड़ा सवाल: हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या कैसे?

इस घटना ने राजस्थान की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हाई सिक्योरिटी जेलों में ऐसे कैदियों को रखा जाता है जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. ऐसे में जेल के भीतर एक बंदी की हत्या होना सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर बहस छेड़ रहा है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या अचानक हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement