scorecardresearch
 

दूल्हे के साथ हंस-हंसकर स्टेज पर खिंचवाईं फोटो, फेरों से पहले गायब हो गई दुल्हन, देखते रह गए मेहमान

कोटा में एक शादी समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन मुस्कान कंवर फेरों से ठीक पहले अचानक परिवार सहित गायब हो गई. दूल्हा और बाराती देर रात तक इंतजार करते रह गए. शादी का पूरा माहौल देखते ही देखते तनाव में बदल गया. इस अनोखी घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है.

Advertisement
X
फेरो से ठीक पहले दुल्हन अपने परिवार के साथ गायब हाे गई (Photo: ITG)
फेरो से ठीक पहले दुल्हन अपने परिवार के साथ गायब हाे गई (Photo: ITG)

शादी का मंडप सजा था. डीजे बज रहा था. मेहमान खाना खा रहे थे और स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने मुस्कुराते हुए जयमाला भी डाल दी थी. दोनों परिवार फोटो खिंचवा रहे थे. हर किसी को लग रहा था कि अब कुछ ही देर में सात फेरे होंगे और शादी पूरी हो जाएगी. लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि फेरों से ठीक पहले ऐसा कुछ हो जाएगा, जिससे मैरिज गार्डन में मौजूद लोग सन्न रह गए.

राजस्थान के कोटा के बोरखेड़ा इलाके में हुई इस शादी की चर्चा अब हर तरफ हो रही है. वजह है दुल्हन का अचानक अपने परिवार सहित गायब हो जाना. दूल्हा स्टेज पर इंतजार करता रह गया, बाराती हैरान रह गए और कुछ देर बाद मामला सीधे थाने तक पहुंच गया. अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. दूल्हा पक्ष इसे लाखों की ठगी बता रहा है, जबकि दुल्हन पक्ष का कहना है कि फेरों से पहले दहेज की मांग की गई थी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

जयमाला हुई, फोटो खिंचे… फिर अचानक बदला माहौल

जानकारी के मुताबिक, साकेत आवास थेकड़ा निवासी देवेंद्र सिंह की शादी आदर्श नगर की रहने वाली मुस्कान कंवर से तय हुई थी. दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से शादी की तैयारियां चल रही थीं. दूल्हा पक्ष का कहना है कि लड़की वालों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने बिना दहेज शादी के लिए हामी भरी थी. इतना ही नहीं, शादी की कई रस्मों और तैयारियों के लिए उन्होंने आर्थिक मदद भी की थी.परिवार का आरोप है कि हल्दी, मेहंदी, निकासी और बिंदौरी जैसे कार्यक्रमों के लिए करीब 4 लाख रुपए दिए गए थे. शादी समारोह का खर्च भी लड़के वालों ने ही उठाया. देर रात बोरखेड़ा स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह पूरे धूमधाम से चल रहा था. बारात पहुंची, स्वागत हुआ और फिर स्टेज पर जयमाला की रस्म भी पूरी हो गई. वीडियो और फोटो खिंच रहे थे. मेहमान दोनों को आशीर्वाद दे रहे थे. लेकिन इसी बीच अचानक ऐसा मोड़ आया, जिसने सभी को चौंका दिया.

Advertisement

फेरों से पहले गायब हुई दुल्हन

बताया जा रहा है कि जयमाला के बाद दुल्हन फेरों की तैयारी के लिए कमरे में गई थी. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की. कुछ समय बाद पता चला कि दुल्हन के साथ उसके परिवार के लोग भी मैरिज गार्डन से जा चुके हैं. पहले तो लोगों को लगा कि शायद किसी जरूरी काम से बाहर गए होंगे, लेकिन जब काफी देर तक कोई वापस नहीं आया तो हड़कंप मच गया. दूल्हा पक्ष तुरंत दुल्हन के घर पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचकर उनके होश उड़ गए. घर पर ताला लगा हुआ था. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद किसी ने जवाब नहीं दिया. इसके बाद मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया.

दूल्हा पक्ष बोला, शादी के नाम पर ठगी हुई

दूल्हे के पिता स्वरूप सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम को बेहद प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया. उनका कहना है कि लड़की पक्ष ने भरोसा जीतकर शादी तय की और फिर रस्मों के नाम पर पैसे लिए. लेकिन फेरों से ठीक पहले अचानक गायब हो जाना साफ तौर पर ठगी की तरफ इशारा करता है. परिवार का आरोप है कि उन्होंने रिश्ते को सम्मान दिया, आर्थिक मदद की और शादी का पूरा खर्च उठाया, लेकिन बदले में उन्हें धोखा मिला. दूल्हा पक्ष के लोगों का कहना है कि जिस तरह से पूरा परिवार अचानक गायब हुआ, उससे साफ लगता है कि सबकुछ पहले से तय था.

Advertisement

दूसरी तरफ दुल्हन पक्ष के भी गंभीर आरोप हालांकि कहानी का दूसरा पक्ष बिल्कुल अलग है. बोरखेड़ा थाना पुलिस के मुताबिक, दुल्हन पक्ष ने भी शिकायत दी है. उनका आरोप है कि फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष की ओर से दहेज की मांग की गई थी. बताया जा रहा है कि शादी के दौरान जेवर और अन्य सामान को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई थी. मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि विवाद की स्थिति बन गई. दुल्हन पक्ष का दावा है कि बढ़ते तनाव और कथित दहेज मांग के बाद उन्होंने शादी आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया.

पुलिस बोली- मामला सिर्फ भागने का नहीं

बोरखेड़ा थाने के हेड कांस्टेबल हनुमान ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला दोनों पक्षों के विवाद से जुड़ा लग रहा है. उनके मुताबिक, फेरों से पहले जेवर को लेकर बहस हुई थी. मौके पर समझाइश भी की गई, लेकिन बात नहीं बनी. वहीं थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वाकई शादी के नाम पर कोई धोखाधड़ी हुई या फिर विवाद के कारण शादी टूट गई.

Advertisement
दुल्हन के गायब हो जाने के बाद दूल्हा पक्ष काफी परेशान है

शादी में आए मेहमान भी रह गए हैरान

इस पूरे घटनाक्रम ने शादी में पहुंचे मेहमानों को भी हैरान कर दिया. लोगों का कहना है कि जयमाला तक सबकुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में पूरा माहौल बदल जाएगा. एक तरफ स्टेज सजा हुआ था, दूसरी तरफ दूल्हा शादी के कपड़ों में बैठा इंतजार करता रहा. कई बार रिश्तेदार दुल्हन को बुलाने गए, लेकिन धीरे-धीरे सभी को समझ आने लगा कि मामला गंभीर हो चुका है. मैरिज गार्डन में मौजूद लोगों के बीच देर रात तक सिर्फ इसी घटना की चर्चा होती रही. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement