scorecardresearch
 

'ऐसा इलाज करूंगा, पुश्तें याद रखेंगी...' डीग SP का सख्त अंदाज, VIDEO वायरल

राजस्थान के डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद की मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग पर हंगामा हो गया. पूर्व सरपंच नोमान खान की मांग के बाद समर्थकों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालात संभालने पहुंचे एसपी शरण कमले ने भीड़ को 5 मिनट में हटने की चेतावनी दी.

Advertisement
X
डीग एसपी शरण कमले. (Photo: ITG)
डीग एसपी शरण कमले. (Photo: ITG)

राजस्थान के डीग जिले की केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद की मतगणना के दौरान जमकर हंगामा हुआ. री-काउंटिंग की मांग को लेकर प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में मतगणना स्थल पर जुट गए. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालात बिगड़ते देख डीग के एसपी शरण कमले खुद मौके पर पहुंचे और भीड़ को सख्त लहजे में चेतावनी दी. इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में एसपी शरण कमले भीड़ को संबोधित करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, "आपके पास 5 मिनट का वक्त है, यहां से हट जाएं, नहीं तो पूरे डीग जिले की पुलिस आ जाएगी." उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि मतगणना प्रक्रिया में किसी ने व्यवधान पैदा करने की कोशिश की तो ऐसा सबक मिलेगा, जिसे उसकी पीढ़ियां याद रखेंगी.

री-काउंटिंग की मांग पर बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर की रात से केथवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतगणना चल रही थी. 6 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक भी चुनाव परिणाम स्पष्ट नहीं हो पाया था. इसी बीच पूर्व सरपंच नोमान खान की ओर से री-काउंटिंग की मांग उठाई गई. इसके बाद अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में मतगणना स्थल पर पहुंच गए.

Advertisement

भीड़ बढ़ने के साथ ही वहां तनाव की स्थिति पैदा हो गई. हालात को नियंत्रित करने के लिए एसपी शरण कमले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों को मतगणना स्थल से दूर रहने और चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करने की हिदायत दी.

12 घंटे बाद आया चुनाव का नतीजा
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना और री-काउंटिंग की प्रक्रिया जारी रही. करीब 12 घंटे तक चले इंतजार के बाद आखिरकार सरपंच पद का चुनाव परिणाम घोषित किया गया. इसमें सहनाज साजिद खान ने 18 वोटों से जीत दर्ज की और सरपंच चुनी गईं. वहीं, केथवाड़ा पंचायत में लगातार सरपंच रहे नोमान खान को इस बार हार का सामना करना पड़ा.

सोशल मीडिया पर चर्चा में SP का वीडियो
चुनाव परिणाम को लेकर हुए विवाद के बीच एसपी का खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना चर्चा का विषय बन गया है. भीड़ को पांच मिनट में हटने की चेतावनी देने वाला उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. करीब 12 घंटे तक चले विवाद और तनाव के बाद आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में मतगणना पूरी हुई और केथवाड़ा पंचायत को अपना नया सरपंच मिल गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement