scorecardresearch
 

खुशी बच्चों से मिलती है... एलन मस्क की मां Maye Musk ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बताया लंबी उम्र का राज

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में एलन मस्क की मां मे मस्क (Maye Musk) ने अपनी लंबी उम्र और खुशी की वजह जैसे अपने अनुभव साझा किए. मे मस्क ने बच्चों, अच्छे लोगों और हेल्दी रिश्तों को खुशहाल जीवन का आधार बताया है. एलन मस्क के बचपन से लेकर डोनाल्ड ट्रंप के बारे में मे मस्क ने कई बातें बताईं.

Advertisement
X
मे मस्क, इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में अपनी लंबी उम्र और खुशी के राज शेयर करती हुईं. (Photo: Arun Kumar/India Today)
मे मस्क, इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में अपनी लंबी उम्र और खुशी के राज शेयर करती हुईं. (Photo: Arun Kumar/India Today)

मे मस्क (Maye Musk) अगले महीने 78 साल की हो जाएंगी. 19 अप्रैल को उनका बर्थडे आने वाला है. उनकी चुस्ती फुर्ती किसी युवा से कम नहीं है. और, इसीलिए पहला सवाल यही उठता है कि लंबी उम्र का राज क्या है? 

India Today Conclave 2026 में शामिल होने दिल्ली आईं मे मस्क को लेकर सबके मन में यही सवाल था, लिहाजा पूछा भी गया. मालूम हुआ कि लंबी उम्र का राज खुशी है, तो सवाल यह उठता है कि खुशी कहां और कैसे मिलती है?

मे मस्क सुपर मॉडल, सर्टिफाइड डाइटिशियन और लेखक हैं, जिनकी नजर में महिलाओं के लिए खुशी की सबसे बड़ी वजह बच्चे होते हैं - और, जिसका बेटा एलन मस्क (Elon Musk) हो उसकी खुशी के क्या कहने!

लंबी उम्र के लिए खुशी, और खुशी के लिए बच्चे 

एलन मस्क की मां होने को लेकर मे मस्क कहती हैं, 'कुछ साल पहले तक वो किसी की मां नहीं थीं.' मतलब, उनकी पहचान खुद की बनाई हुई थी. और, वह पहचान बच्चों की वजह से नहीं थी. 

लेकिन, अब उनको एलन मस्क की मां होने पर गर्व महसूस होता है. 

Advertisement

अव्वल तो हर मां के लिए उसका बेटा एलन मस्क क्या, उससे भी बढ़कर होता है - लेकिन, सच तो यह भी है कि हर बच्चा एलन मस्क तो हो नहीं सकता.

लंबी उम्र का जिक्र आने पर मे मस्क अपनी मां की मिसाल देती हैं. बताती हैं कि उनकी मां ने 96 साल की उम्र में काम करना छोड़ा था. तब तक वो लगातार काम करती रहीं. उम्र के आखिरी पड़ाव पर वो आर्ट्स में रुचि लेती थीं, और तरह तरह की चीजें बनाती थीं. 

लंबी उम्र के लिए खुशी, और खुशी के लिए बच्चों के अलावा, मे मस्क कहती हैं, आस पास अच्छे लोगों का होना भी बहुत जरूरी है. 

महिलाओं के लिए मे मस्क का एक और जरूरी सुझाव होता है, रिलेशनशिप को लेकर. मे मस्क काफी जोर देकर बताती हैं कि अगर रिलेशनशिप टॉक्सिक हो जाए, तो फौरन उससे आगे बढ़ जाना चाहिए. चाहे वह जो भी हो. 

एलन मस्क के बारे में

एलन मस्क के बारे में बहुत सारी बातें होती हैं. कहती हैं, हम उसकी तारीफ करते हैं, उसे चाहते भी हैं - लेकिन, उसके जैसा बनना नहीं चाहते.

एलन मस्क के बारे में उनकी मां का नजरिया ऐसा ही है. और, इसकी वजह उनकी पर्सनॉलिटी है. एलन मस्क के बचपन के बारे में मे मस्क बताती हैं, वो बहुत शर्मीला था. 

Advertisement

मे मस्क बताती हैं, जब वो छोटा था बाकी बच्चे उसे बहुत परेशान करते थे. मे मस्क के मुताबिक, एलन मस्क अपनी क्लास में सबसे छोटे, सबसे कम उम्र के और सबसे समझदार थे. 

एलन मस्क की मां उनके टैलेंट के बारे में तभी जान गई थीं, जब वह महज तीन साल के थे. मे मस्क तभी समझ गई थीं कि उनका बेटा जीनियस है. 

और, यह बात कंफर्म तब हुई जब एलन मस्क एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका पढ़ने लगे - और, सिर्फ पढ़ते ही नहीं थे, पढ़ी हुई सारी बातें याद भी रखते थे. 

बताते हैं, एलन मस्क जब 8 साल के थे मे मस्क का तलाक हो गया था. और, दो साल बाद एलन मस्क ने अपने पिता के साथ रहने का फैसला कर लिया, जिसकी बड़ी ही खास वजह थी. असल में, एलन मस्क के पिता के पास तब एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका के साथ साथ कंप्यूटर भी था - और, ये दोनों ही मे मस्क के लिए उस वक्त उपलब्ध करा पाना मुश्किल था. 

डोनाल्ड ट्रंप के बारे में

मे मस्क, रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी प्रशंसक हैं, लेकिन राजनीतिक विचार के सवाल पर बिल्कुल भी बात नहीं करतीं. बल्कि, रिएक्ट करते हुए कहती हैं कि एक डाइटिशियन से ऐसे सवाल क्यों पूछे जाने चाहिए?  

Advertisement

लेकिन, उससे पहले वो डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बारे में बता चुकी होती हैं. उनकी नजर में डोनाल्ड ट्रंप एक अच्छी शख्सियत हैं. 

और, फिर पूछ बैठती हैं, मालूम नहीं मीडिया उनके साथ ऐसा क्यों करता है?

सोशल मीडिया और Grok

मे मस्क रोज कम से कम 4 घंटे सोशल मीडिया को देती हैं - और, बहुत सारे सवाल वो ग्रोक से पूछती रहती हैं. बल्कि, बताया कि भारत और इंडिया टुडे के प्रोग्राम में आने को लेकर भी ग्रोक की राय ली थी. 

ग्रोक ने इंडिया टुडे ग्रुप को बहुत अच्छा मीडिया हाउस बताया था, और उसके बाद भी इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में आने का प्रोग्राम फाइनल किया.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement