ये कहानी भोपाल की है. यहां रहने वाली एक लड़की के लिए मैरिज साइट पर रिश्ता देखा जाता है. लड़का राजस्थान के उदयपुर का था. दोनों परिवारों ने आमने-सामने आकर बातचीत की, लेकिन लड़की वालों को लड़का पसंद नहीं आया. फिर लड़के ने जो किया वो हैरान कर देगा. उसने AI का ऐसा खेल रचा, जिसमें फर्जी हनीमून, गोदभराई और 500 से ज्यादा टैक्सियों की बुकिंग शामिल है.
भोपाल में एक घर के बाहर अचानक एक टैक्सी आकर रुकती है. फिर दूसरी... फिर तीसरी... फिर चौथी... घरवाले सोचते हैं शायद किसी ने गलती से पता डाल दिया होगा. लेकिन जब यह सिलसिला बार-बार होने लगा, तो समझ आया कि ये मामला गलती का नहीं है. दरअसल, यहां की लड़की को उदयपुर का लड़का एक साल से परेशान कर रहा था, क्योंकि लड़की को मैट्रिमोनियल साइट पर मिला वो लड़का ठीक नहीं लगा था.
ये कहानी एक मैरिज साइट से शुरू होती है. भोपाल की एक लड़की की बहन ने शादी के लिए प्रोफाइल बनाई थी. इसी के जरिए राजस्थान के उदयपुर के एक युवक से रिश्ते को लेकर बातचीत शुरू हुई. पहले फोन पर बात हुई. फिर परिजनों की मौजूदगी में मुलाकात भी हुई. इस मुलाकात के दौरान ही कहानी ने यू-टर्न ले लिया.
यह भी पढ़ें: मंगेतर, प्रेमी और 400 फीट गहरी खाई, लोहागढ़ किले पर केतन की मौत की गुत्थी सुलझाने पहुंची FSL टीम
लड़की और उसके परिवार वालों का कहना है कि मुलाकात के दौरान युवक का व्यवहार ठीक नहीं लगा. इसी वजह से परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया. बस, यहीं से परेशानी शुरू हुई. पीड़ित लड़की भोपाल के अशोका गार्डन इलाके की रहने वाली है. उसका आरोप है कि शादी से इनकार करने पर उदयपुर का युवक करीब एक साल से उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है.
लड़की के पास फोन आने लगे. वो भी अलग-अलग नंबरों से. इसके बाद सोशल मीडिया पर अचानक कुछ तस्वीरें सामने आईं. ऐसी तस्वीरें जिन्हें देखकर परिवार हैरान रह गया. आरोप है कि AI की मदद से लड़की की फर्जी तस्वीरें बनाई गईं. इनमें हनीमून जैसे निजी पलों की तस्वीरें भी थीं.
लड़की के परिवार वालों का कहना है कि उसी लड़के ने रिश्ते के लिए इनकार कर देने पर ये सब शुरू किया था. इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी पर शेयर किया. लड़की और उसके परिवार की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के मकसद से तस्वीरों को मोबाइल स्टेटस पर भी लगाया.
यह भी पढ़ें: मंगेतर के पास पहुंचीं प्राइवेट तस्वीरें, 3 दिन बाद थी शादी... दुल्हन और उसके माता-पिता ने खत्म कर ली जिंदगी
अब जरा सोचिए... किसी ने कभी कोई तस्वीर खिंचवाई ही नहीं और अचानक उसकी ऐसी तस्वीरें सोशल मीडिया पर घूमने लगें. सुनकर ही अजीब लगता है. आरोप है कि लड़की के नाम से गोदभराई के फर्जी कार्ड भी छपवा दिए गए और कॉलोनी में बांट दिए. इनमें एक खास लाइन भी लिखी थी- 'चांदी का सिक्का मिलेगा.' मतलब ऐसा लालच, जिससे ज्यादा लोग पहुंचें. अब कॉलोनी के लोगों को कार्ड मिला तो सवाल भी आने लगे. ये कब हुआ? शादी कब हुई? गोदभराई कब तय हुई?
लड़की के परिवार के लिए यह नई मुश्किल थी. इसके बाद टैक्सियों की एंट्री हुई. परिवार का आरोप है कि उनके एड्रेस पर लगातार कैब बुक की जाने लगीं. एक-दो नहीं, बल्कि 500 से ज्यादा. घर के बाहर बार-बार ड्राइवर आ रहे थे. फोन कर रहे थे. पता पूछ रहे थे, फिर वापस जा रहे थे. धीरे-धीरे यह परेशानी मानसिक स्थिति बिगाड़ने लगी. फिलहाल लड़की के परिवार ने महिला आयोग में शिकायत की है.
पूरे मामले को लेकर पुलिस अफसरों का क्या कहना है?
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. लड़की की तस्वीरें एक ऐसे टूल से बनाई गई थीं, जो टूल काम आसान करने के लिए बना था. लेकिन अगर वही तकनीक गलत हाथों में चली जाए, तो तस्वीरें भी बदल सकती हैं, वीडियो भी और किसी की जिंदगी भी. मोबाइल स्क्रीन पर जो दिख रहा है, जरूरी नहीं कि वह सच भी हो. अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि एप्लिकेशन में जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच चल रही है. जो भी तथ्य पाए जा जाएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी.