
देश-दुनिया के लोग हर रोज उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योर्तिलिंग बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं. इनमें कई लोग ऐसे होते हैं, जो महाकालेश्वर मंदिर के नियमों का उल्लंघन भी करते हैं. ऐसा ही एक मामला हाल ही में सामने आया है.
दरअसल, 26 मई को दिल्ली से आए एक जोड़े ने वीआईपी प्रोटोकॉल व्यवस्था से रसीद कटाकर मंदिर की भीतर ही सगाई की रस्म अदा कर ली. इतना ही नही, इस जोड़े ने गणेश मंडपम में सगाई की और अंगूठी पहनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. जिसके बाद मंदिर समिति हरकत में आई और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम से वीडियो को डिलिट करवाकर मंदिर की सुरक्षा ऐजेंसी पर अर्थदंड की कार्रवाई की.
26 मई को दिल्ली से आए एक जोड़े ने वीआईपी प्रोटोकॉल व्यवस्था से मंदिर में प्रवेश किया और दोनों ने मंदिर के भीतर ही गणेश मंडपम में एक दूसरे को सगाई की रिंग पहनाई. दिल्ली से आए श्रद्धालु ने रिंग पहनाने का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करते हुए लिखा, ''जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी''.
जब से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मंदिर समिति ने तत्काल एक्शन लिया. मंदिर समिति ने सबसे पहले नियमों का उल्लंघन करने वाली पोस्ट को डिलिट करवाया और इसके बाद मंदिर स्तर पर कार्रवाई की.
महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया, मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा एजेंसी पर 50000 का जुर्माना किया गया है. साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे अटेंडर का सभी विशेष द्वारों से प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है. इसके लिए संबंधित प्रोटोकॉल और पुरोहित को चेतावनी जारी की गई है और संबंधित मंदिर कर्मचारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है.
बता दें कि मंदिर में नियमों के उल्लंघन का ये पहला मामला नहीं है, इसके पहले भी कई बार नियमों को तोड़ा जा चुका है. महाकाल मंदिर में फोन ले जाना प्रतिबंधित होने के बाद भी संबंधित व्यक्ति फोन लेकर मंदिर में पहुंचा और वीडियो भी बनाई.

मंदिर समिति का कहना है कि इस मामले में नियमों को और सख्त किया जाएगा, ताकि आगे से कोई और श्रद्धालु इस तरह का कार्य मंदिर में न कर सके.