गुना एनकाउंटर मामले में फरार आरोपितों ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. पुलिस हत्याकांड में फरार चल रहे विक्की और गुल्लू ने सरेंडर कर दिया है. बता दें कि 14 मई से ही दोनों आरोपित फरार थे. पुलिस हत्याकांड में दोनों शिकारियों का नाम शामिल था. दोनों ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पहुंचे. जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपित बिदोरिया गांव के ही निवासी हैं.
वहीं जानकारी के मुताबिक गुना एसपी पर 3 पुलिसकर्मियों की मौत के बाद गाज गिरी है. गुना एसपी राजीव कुमार मिश्रा का ट्रांसफर कर दिया गया है. जिसके बाद राजीव मिश्र पीएचक्यू बुलाए गए. गौरतलब है कि 13-14 मई की दरमियानी रात शिकारियों से मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी. घटना के बाद आईजी का हो गया था तबादला लेकिन एसपी पद पर बने हुए थे.
बता दें कि मध्य प्रदेश के गुना जिले में काले हिरण के शिकारियों ने 3 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान एक शिकारी मारा गया. वहीं घटना की देर शाम एक और आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था. ऐसे में कुल 8 आरोपियों में से अब तक 2 मारे जा चुके हैं. 2 गिरफ्तार कर लिए गए और 2 ने अब सरेंडर कर दिया है. बाकी 2 की तलाश अभी जारी है.
क्या था मामला
बिदोरिया गांव के नौशाद के घर भतीजी की शादी थी. बारात में तमाम खास मेहमान आने थे और उनको लजीज पकवान खिलाने की तैयारी हुई. बारातियों को काले हिरण का मांस भी परोसा जाना था. इसी के लिए नौशाद अपने भाई शहबाज समेत अन्य परिजनों के साथ शहरोक-मौनबाड़ा के जंगल पहुंचा. क्योंकि वह इस इलाके से वाकिफ था. गुना के आरोन थाना इलाके में आने वाले इस जंगल में शनिवार तड़के उन्होंने 4 काले हिरण, एक मादा हिरण और एक मोर का शिकार कर लिया.
वन्य जीवों के शिकार किए जाने की खबर पर स्थानीय थाने के पुलिसकर्मी जंगल पहुंचे. जहां रात के अंधेरे में उनकी शिकारियों से मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एसआई राजकुमार जाटव, कॉन्स्टेबल नीरज भार्गव और संतराम मीणा मौके पर ही शहीद हो गए. वहीं हमले में एक जवान और गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गए.