scorecardresearch
 

MP: खरगोन में झमाझम बारिश से मोहिनी नदी उफान पर; बस्तियों और खेतों में भरा बाढ़ का पानी, IMD का अलर्ट

खरगोन में तेज बारिश के बाद मोहनी नदी उफान पर आ गई. कई बस्तियों और खेतों में पानी भर गया. बारिश से तापमान गिरा, किसानों को राहत के साथ नुकसान की भी चिंता.

Advertisement
X
मोहनी नदी में बाढ़ जैसे हालात.(Photo:Screengrab)
मोहनी नदी में बाढ़ जैसे हालात.(Photo:Screengrab)

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मानसून की पहली तेज बारिश ने जहां किसानों को गर्मी और सूखे से राहत दी, वहीं कई इलाकों में लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं. लगातार हुई झमाझम बारिश से टांडा बरुड़ क्षेत्र की मोहनी नदी उफान पर आ गई, जिससे निचली बस्तियों और खेतों में पानी भर गया.

जिले के कई हिस्सों में करीब तीन घंटे तक लगातार बारिश हुई. तेज धूप के बाद अचानक मौसम बदला, आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. बारिश इतनी तेज थी कि कई नदी-नाले उफान पर आ गए.

मोहनी नदी में बाढ़ जैसे हालात

टांडा बरुड़ स्थित मोहनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. नदी उफान पर आने से आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया और कई बस्तियां जलमग्न हो गईं. कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित रहा. लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

खेतों में भरा पानी, किसानों की बढ़ी चिंता

बारिश से जहां खरीफ फसलों के लिए नमी मिली और किसानों ने राहत की सांस ली, वहीं कई खेतों में पानी भर जाने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक लगातार भारी बारिश होती रही तो जलभराव के कारण फसलों को नुकसान हो सकता है. देखें VIDEO:- 

Advertisement

तापमान में आई गिरावट

लगातार हुई बारिश के बाद जिले के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला. पिछले कई दिनों से उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली. अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने विशेष रूप से नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से तेज बारिश के दौरान उन्हें पार नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement