मध्य प्रदेश के इंदौर में हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. यहां रंगपंचमी की गेर के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है. चोरों की नजर यहां लोगों के मोबाइल और ज्वेलरी पार करने पर होती है. इसी को लेकर कुछ आरोपी यहां की भीड़ में फोन व ज्वेलरी पार करने के मकसद से फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे. ये आरोपी यहां होटलों में रुके थे. क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई में 20 आरोपी पकड़े गए हैं.
पुलिस के अनुसार, रंगपंचमी की गेर में हर साल लाखों लोग शामिल होते हैं. इस बार भी करीब पांच लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान था. इतनी बड़ी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी और चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए बाहरी राज्यों से एक गैंग इंदौर पहुंची थी.
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग शहर में ठहरे हुए हैं और गेर के दौरान बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, टूटी नंबर प्लेट से बदमाशों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड और उसके आसपास के होटलों में सर्चिंग अभियान चलाया. इस दौरान होटल नीलम और होटल गौरव में ठहरे कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में पता चला कि ये सभी लोग गेर के दौरान भीड़ में घुसकर मोबाइल फोन और सोने की ज्वेलरी चोरी करने की योजना बना रहे थे.
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों में से 15 बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण इलाके के रहने वाले हैं. वहीं पांच आरोपी नेपाल की राजधानी काठमांडू से आए थे. पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे और होटल में ठहरकर गेर के दिन वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.
पुलिस ने पूरे मामले को लेकर क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेबकतरी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में माहिर है. रंगपंचमी की गेर में भारी भीड़ का फायदा उठाकर ये लोग बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और सोने के आभूषण चोरी करने की योजना बना रहे थे.
एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने एक बड़ी घटना को टाल दिया. अगर यह गैंग भीड़ में सक्रिय हो जाती तो बड़ी संख्या में लोग चोरी की घटनाओं का शिकार हो सकते थे.
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी शहर में मौजूद हैं या नहीं. इंदौर में रंगपंचमी की गेर एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन माना जाता है, जिसमें हर साल लाखों लोग शामिल होते हैं.