मध्य प्रदेश के गुना में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई. घटना मृगावास थाना क्षेत्र में हुई, जो कुंभराज से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित है.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि बाबूलाल मीणा (60) अपने गांव बकोन्या लौट रहे थे. वो कृषि उपज मंडी में धनिया बेचने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर वापस आ रहे थे. वापसी के दौरान उन्होंने मकान निर्माण के लिए लगभग 10 क्विंटल लोहे की सरिया भी वाहन में लाद ली थी.
गुना में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
बताया जा रहा है कि अधिक वजन के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क की ढलान पर उतरते समय असंतुलित हो गई और पास के एक मंदिर के समीप पलट गई. वाहन पलटते ही उसमें लदी भारी सरिया नीचे बैठे लोगों पर गिर गई. इस हादसे में बाबूलाल मीणा, जगदीश अहिरवार (45) और रमन अहिरवार (22) की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लोहे की छड़ों और पलटी ट्रॉली को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा.
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
कुंभराज थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ओवरलोडिंग हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
इस दुर्घटना ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन में क्षमता से अधिक सामान न लादें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.