छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के अक्टोंहा चौकी अंतर्गत एक गांव से 2 अप्रैल की रात एक युवती अचानक घर से लापता हो गई. घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई और परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों का कहना है कि काफी खोजबीन के बाद पता चला कि युवती अपने रिश्ते में लगने वाले चाचा धर्मेन्द्र यादव के साथ फरार हो गई. जिसके बाद से पूरा परिवार सदमे में है.
परिवार का कहना है कि उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया. परिवार का आरोप है कि चौकी में तैनात एक पुलिसकर्मी ने 181 शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और कार्रवाई के नाम पर पैसों की मांग की.
घर से अचानक लापता हुई युवती
कुछ दिनों बाद परिवार को सूचना मिली कि युवती नौगांव में देखी गई है. इसी बीच यह खबर सामने आई कि वह एसपी कार्यालय पहुंच गई है. जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी तुरंत एसपी कार्यालय पहुंच गए.
एसपी ऑफिस पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया. दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ी और हंगामे की स्थिति बन गई. मौके पर मौजूद महिला सुरक्षा बल ने स्थिति को संभाला और युवती को महिला थाने ले जाया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
एसपी ऑफिस में पहुंचा मामला
इसी दौरान यह भी सामने आया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद युवती और युवक की ओर से सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी पोस्ट किए गए थे. फिलहाल परिवार बेटी को वापस दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.