scorecardresearch
 

भोपाल: हिंदू युवती के साथ होटल में पकड़ाया मुस्लिम युवक, बजरंग दल ने पोता गोबर...लगाई स्याही

भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्राईड इन होटल में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक को पकड़कर हंगामा किया. आरोप है कि युवक के साथ मारपीट कर उसके चेहरे पर गोबर और स्याही पोती गई. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई, लेकिन किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई.

Advertisement
X
होटल में हंगामा करते बजरंग दल के कार्यकर्ता. (Photo: Screengrabs)
होटल में हंगामा करते बजरंग दल के कार्यकर्ता. (Photo: Screengrabs)

भोपाल में एक बार फिर हिंदू युवती और मुस्लिम युवक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मामला गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर स्थित प्राईड इन होटल का है, जहां हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक को होटल के कमरे में पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और युवक के साथ मारपीट की गई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

युवक की पिटाई के बाद लगाया गोबर और पोती स्याही
जानकारी के मुताबिक हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि होटल में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक ठहरे हुए हैं. इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होटल पहुंच गए. आरोप है कि कार्यकर्ता सीधे युवक-युवती के कमरे तक पहुंचे और दोनों को बाहर निकालकर सड़क पर ले आए. इस दौरान युवक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई. इतना ही नहीं, युवक को अर्धनग्न कर उसके चेहरे पर गोबर और स्याही भी पोती गई. मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.

घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस युवक और युवती को थाने लेकर पहुंची, जहां दोनों से पूछताछ की गई. हालांकि काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद भी किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.

Advertisement

एक दूसरे को पहले से जानते थे युवक-युवती
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान आरिफ खान के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरिफ के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रह चुके हैं. उस पर अड़ीबाजी, ब्लैकमेलिंग और मोबाइल चोरी जैसे आरोप लग चुके हैं. वहीं युवती भोपाल के अयोध्या नगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है. पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और पहले भी रिलेशनशिप में रह चुके हैं.

मामले को लेकर थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस ने सभी पक्षों को समझाइश देकर छोड़ दिया है. किसी भी पक्ष ने कोई मामला दर्ज नहीं कराया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी लोगों को चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था प्रभावित हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement