scorecardresearch
 

कौन करे बिजनेस या नौकरी... 500 का नोट स्कैन किया और प्रिंटर से छापने लगे नोट, यूट्यूब से सीखी थी ट्रिक

कौन करे नौकरी, कौन करे बिजनेस... मध्य प्रदेश के आगर मालवा में दो युवकों ने कमाई का ऐसा 'शॉर्टकट' चुना, जो उन्हें सीधे जेल तक ले गया. दोनों ने यूट्यूब से तरीका सीखा. फिर असली नोट को स्कैन किया, रंगीन प्रिंटर से उसकी कॉपी निकाली और कटर से काटकर उसे असली जैसा बनाने लगे. पुलिस ने 57,500 के नकली नोट, प्रिंटर और इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है.

Advertisement
X
स्कैन करके कलर प्रिंटर से छापते थे नकली नोट. (Photo: Screengrab)
स्कैन करके कलर प्रिंटर से छापते थे नकली नोट. (Photo: Screengrab)

मध्य प्रदेश के आगर मालवा में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक गिरोह को पकड़ा है. आरोप है कि दो युवक यूट्यूब पर वीडियो देखकर 500 रुपये के नकली नोट छापना सीख गए और कृषि सेवा केंद्र की आड़ में इस पूरे खेल को अंजाम दे रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 57,500 रुपये के नकली नोट, रंगीन प्रिंटर, कटर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं. अब जांच इस बात की हो रही है कि ये नकली नोट अब तक कहां-कहां खपाए गए.

मामला मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा का है. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित एक कृषि सेवा केंद्र में नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने दुकान पर छापा मारा. इस दौरान मौके से नरेंद्र सिंह सौंधिया और शुभम सोलंकी को हिरासत में लिया गया. तलाशी लेने पर एक बैग से 500-500 रुपये के 115 नकली नोट बरामद हुए.

Agar Malwa Scanned 500 note started print fake currency trick learned YouTube

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाने का तरीका सीखा था. इसके बाद वे असली 500 रुपये के नोट को स्कैन करते, रंगीन प्रिंटर से उसकी कॉपी निकालते और फिर कटर से काटकर उसे असली नोट जैसा आकार दे देते थे. पुलिस की जांच में कई नकली नोटों पर एक ही सीरियल नंबर मिला.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 50 हजार के नकली नोट देकर खरीदे कुर्बानी के बकरे, व्यापारी को एक दिन बाद पता लगी सच्चाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रंगीन प्रिंटर, कटर, स्कैनिंग और प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान, 57,500 रुपये के नकली नोट और अन्य उपकरण जब्त किए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद ही नोट तैयार करते थे. पुलिस का कहना है कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अब तक कितने नकली नोट बाजार में चला चुके हैं, किन इलाकों में उन्हें खपाया गया और क्या इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं.

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. थाना प्रभारी नागेश यादव के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और इस रैकेट से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement