अगर आपको भी बागवानी का शौक है, तो आपने जरूर घर में खूब सारे पौधे लगा रखे होंगे. पौधे जब हरे-भरे होते हैं तो अच्छे लगते हैं, लेकिन कभी-कभी ये अचानक पीले पड़ने लगते हैं. आपके घर के पौधों के साथ भी कभी ना कभी हुआ होगा कि अचानक उनकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, किनारे से सूख जाती हैं या उन पर अजीब से धब्बे दिखाई देने लगते हैं. ऐसी स्थिति में ज्यादातर लोग तुरंत खाद डाल देते हैं या सोचते हैं कि पानी की कमी के कारण ऐसा हो रहा होगा. इसलिए वो पानी बढ़ा देते हैं. लेकिन हर बार समस्या का कारण एक जैसा नहीं होता.
दिलचस्प बात ये है कि पौधा भले ही कुछ बोल न पाए, लेकिन उसकी पत्तियां उसकी सेहत का पूरा हाल बता देती हैं. पत्तियों का रंग, उनका मुड़ना, सूखना या उन पर बने निशान देखकर काफी हद तक समझा जा सकता है कि पौधे को पानी की कमी है, ज्यादा धूप लग रही है, जरूरत से ज्यादा पानी मिल रहा है या फिर कीड़ों ने हमला कर दिया है. इसलिए अगली बार पौधे की पत्तियां पीली, भूरी या जलने जैसी दिखें या पिर बदली-बदली नजर आएं तो सिर्फ खाद डालने के बजाय पहले इनके संकेत समझें.
किनारे से भूरी और सूखी हो रही हैं पत्तियां?
अगर पौधे की पत्तियों के किनारे भूरे होकर सूखने लगे हैं या पत्तियां ऊपर की तरफ मुड़ रही हैं, तो ये अक्सर पानी की कमी का संकेत हो सकता है. खासकर गर्मी के मौसम में गमले की मिट्टी जल्दी सूखने से ऐसा हो सकता है.
ऐसे में सिर्फ ऊपर से थोड़ा-सा पानी डालने के बजाय पौधे को अच्छी तरह पानी दें, ताकि नमी मिट्टी के अंदर तक और जड़ों तक पहुंच सके. साथ ही ये भी देखें कि मिट्टी बहुत ज्यादा सूखी तो नहीं है.
पत्तियों पर पीले या जले जैसे धब्बे हैं?
अगर पत्तियों पर पीले या जले हुए निशान दिखाई दे रहे हैं, तो हो सकता है कि पौधे को जरूरत से ज्यादा तेज धूप मिल रही हो. खासकर ऐसे पौधों में ये समस्या ज्यादा नजर आ सकती है जिन्हें बहुत तेज सीधी धूप पसंद नहीं होती. ऐसे में पौधे को अचानक अंधेरी जगह रखने के बजाय ऐसी जगह शिफ्ट करें जहां तेज सीधी धूप कम हो, लेकिन पर्याप्त रोशनी मिलती रहे.
पत्तियां फीकी हैं और पौधा बढ़ नहीं रहा?
पत्तियां अगर अपनी चमकदार हरी रंगत खोकर फीकी पड़ रही हैं और पौधे की ग्रोथ भी धीमी हो गई है, तो इसकी वजह कम रोशनी हो सकती है. ऐसे पौधे को धीरे-धीरे ज्यादा रोशनी वाली जगह पर रखें. हालांकि पौधे को अचानक कई घंटों की तेज धूप में रखने के बजाय उसकी जरूरत के हिसाब से रोशनी बढ़ाना सही रहता है.
पत्तियां पीली और सॉफ्ट हो गई हैं?
हर पीली पत्ती का मतलब पानी की कमी नहीं होता. अगर पत्तियां पीली होने के साथ सॉफ्ट या ढीली पड़ रही हैं और मिट्टी लगातार गीली रहती है, तो पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी मिल रहा हो सकता है.
ऐसी कंडीशन में कुछ समय के लिए पानी कम करें और गमले के नीचे बने ड्रेनेज होल जरूर चेक करें. एक्स्ट्रा पानी आसानी से पौधे से बाहर निकलना जरूरी है, वरना जड़ों के आसपास लगातार नमी बनी रह सकती है.
पत्तियों पर गोल-गोल धब्बे या फफूंद जैसी परत?
अगर किसी पौधे की पत्तियों पर अचानक गोल निशान, धब्बे या फफूंद जैसे लक्षण दिखाई देने लगें, तो ये फंगल इंफेक्शन की तरफ इशारा कर सकता है. ऐसे में पौधे की पत्तियों को लंबे समय तक गीला रखने से बचें और पौधे के आसपास हवा का फ्लो बना रहने दें. जो पत्तियां ज्यादा इंफेक्टेड दिख रही हों, उन्हें हटाना भी मददगार हो सकता है.
पत्तियों में छेद हैं या किनारे कुतरे हुए हैं?
अगर सुबह पौधे को देखें और उसकी पत्तियों के किनारे कुतरे हुए मिलें या पत्तियों में छोटे-बड़े छेद नजर आएं, तो समझ जाएं कि कीड़ों ने पौधे को खाया हो सकता है. पत्तियों की ऊपरी और निचली हिस्से को ध्यान से देखें. कीड़े या उनके अंडे दिखाई दें तो उन्हें समय रहते हटाएं और पौधे की बीमारी दूर करने के लिए उपाय अपनाएं.
हेल्दी पौधे की पत्तियां कैसी होती हैं?
आमतौर पर हेल्दी पौधे की पत्तियां हरी, मजबूत और एक जैसी रंगत वाली नजर आती हैं. उनमें अचानक बड़े धब्बे, असामान्य मुड़ाव, सूखापन या छेद दिखाई नहीं देते.
इसलिए गार्डनिंग में सिर्फ पानी और खाद का ध्यान रखना काफी नहीं है. रोज पौधे की पत्तियों पर एक नजर डालना भी जरूरी है. कई बार पौधा बीमार होने से पहले ही अपनी पत्तियों के जरिए संकेत देना शुरू कर देता है. अगर इन संकेतों को समय रहते समझ लिया जाए, तो समस्या बढ़ने से पहले पौधे की सही देखभाल की जा सकती है.