सोशल मीडिया पर आपने ऐसी फोटोज जरूर देखी होंगी, जिनमें सब कुछ बहुत सिंपल लगता है, लेकिन ध्यान से देखने पर कुछ न कुछ महंगा नजर आ जाता है. कभी हाथ में महंगी घड़ी दिख जाती है, कभी पीछे लग्जरी कार खड़ी होती है और कभी मेज पर महंगा बैग रखा होता है. लेकिन इसे कोई खुलकर नहीं दिखा रहा होता. यही है ‘सटल फ्लैक्स’ यानी बिना ज्यादा दिखावा किए अपनी महंगी चीजों और अच्छी जिंदगी की झलक दिखाना.
क्या है सटल फ्लैक्स?
सीधे शब्दों में कहें तो सटल फ्लैक्स का मतलब है अपनी महंगी चीज को इस तरह दिखाना कि वो बहुत ज्यादा दिखाई भी न दे. जैसे फोटो कॉफी की हो, लेकिन साथ में महंगी घड़ी भी नजर आ जाए. दोस्त के साथ फोटो हो और पीछे लग्जरी कार खड़ी हो. या फिर छुट्टियों की फोटो में होटल इतना शानदार हो कि उसकी कीमत का अंदाजा लगाया जा सके.
यहां बात सिर्फ चीजों की नहीं है. महंगा रेस्टोरेंट, विदेश की ट्रिप, शानदार घर या किसी खास जगह की फोटो भी इसका हिस्सा हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Gen Z ऐसा क्यों करती है? 10 आदतें जो 40+ लोगों को लगती हैं अजीब
जेन जी ऐसा क्यों कर रही है?
जेन जी के बीच अब बहुत ज्यादा दिखावा करना थोड़ा पुराना लगने लगा है. बड़े-बड़े ब्रांड के नाम दिखाने या हर चीज पर अपना पैसा बताने के बजाय अब चीजों को थोड़ा सादे तरीके से दिखाना ज्यादा पसंद किया जा रहा है.
मतलब साफ है-‘मैं अमीर हूं’ कहने की जरूरत नहीं, फोटो खुद बता दे.
इसके पीछे सोशल मीडिया का असर भी है. आज लोग अपनी जिंदगी की छोटी-छोटी चीजें भी फोटो और वीडियो के जरिए दिखाते हैं. ऐसे में महंगी चीज को सीधे दिखाने के बजाय उसे फोटो का छोटा सा हिस्सा बनाना ज्यादा स्वाभाविक और आसान लगता है.
दिखावा कम, इशारा ज्यादा
सटल फ्लैक्स असल में दिखावे का नया और थोड़ा शांत तरीका है. यहां चीज को कैमरे के सामने लाकर उसकी कीमत बताने की जरूरत नहीं होती. बस एक छोटी सी झलक काफी होती है.
यानी जेन जी का नया तरीका कुछ ऐसा है- पैसा दिखाओ मत, बस दिखने दो.