How To Use Cardboard Boxes For Plants And Garden: ऑनलाइन शॉपिंग के बाद घर में सामान तो आ जाता है, लेकिन उसके साथ आए बड़े-बड़े गत्ते के डिब्बे अक्सर कुछ ही देर में कबाड़ समझकर फेंक दिए जाते हैं. क्या आप भी ऐसा करते हैं? अगर हां, तो आप इसके एक ऐसे इस्तेमाल से अनजान हैं, जो आपके पौधों के लिए काम का साबित हो सकता है. अगर आपके घर में गार्डन या किचन गार्डन है, तो अगली बार ऐसा करने से पहले जरा रुक जाइए. यही बेकार दिखने वाला गत्ते के डिब्बे आपके पौधों और मिट्टी के लिए काफी काम का साबित हो सकता है.
दरअसल, गत्ते को सही तरीके से मिट्टी पर बिछाने से बार-बार उगने वाली अनचाही घास और खरपतवार (वीड) को रोकने में मदद मिल सकती है. ये तरीका उन जगहों पर काम आ सकता है जहां हर कुछ दिनों में घास उग आती है और उसे हटाने में काफी मेहनत करनी पड़ती है. इसके साथ ही ये कई और तरह से पौधों के लिए काम का साबित हो सकता है. यानी ऑनलाइन सामान के साथ आया गत्ते का डिब्बा सिर्फ पैकिंग का कचरा नहीं है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर इससे गार्डन की देखभाल आसान हो सकती है और बिना ज्यादा मेहनत के मिट्टी को तैयार करने में भी मदद मिल सकती है. चलिए जानते हैं पौधे के लिए गत्ते के डिब्बे का इस्तेमाल कैसे करें.
1. बार-बार उगने वाली घास से मिलेगा छुटकारा: गार्डन में पौधे लगाना जितना आसान है, उतना ही मुश्किल कई बार उनके आसपास उगने वाली अनचाही घास को संभालना होता है. लोग मेहनत करके इसे हटाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में ये दोबारा उग आती है.
ऐसे में मिट्टी के ऊपर गत्ते की एक लेयर बिछाई जा सकती है. इसके ऊपर कंपोस्ट, खाद या सूखी पत्तियां डाल दें. कार्डबोर्ड मिट्टी को ढक देता है, जिससे खरपतवार/घास को बढ़ने के लिए जरूरी रोशनी कम मिलती है और उसकी ग्रोथ पर असर पड़ सकता है.
2. नई क्यारी बनानी है तो खुदाई का काम होगा कम: अगर आप गार्डन में किसी खाली हिस्से को नई क्यारी में बदलना चाहते हैं, तो हर बार जमीन को गहराई से खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जिस जगह क्यारी बनानी है, वहां पहले कार्डबोर्ड की लेयर बिछा दें.
इसके ऊपर कंपोस्ट और मिट्टी की परत डालकर पौधे लगाए जा सकते हैं. समय के साथ कार्डबोर्ड धीरे-धीरे टूटकर मिट्टी में मिल जाता है. इससे मिट्टी को बेहतर बनाने और नई क्यारी तैयार करने में मदद मिल सकती है.
3. मिट्टी की नमी भी ज्यादा देर रहेगी: गर्म मौसम में गार्डन की मिट्टी बहुत जल्दी सूखने लगती है. ऐसे में बार-बार पानी देना पड़ता है. पौधों के आसपास कार्डबोर्ड की पतली सी लेयर बिछाने से मिट्टी सीधे धूप और हवा के कॉन्टैक्ट में कम आती है.
इससे पानी जल्दी भाप बनकर उड़ने से बच सकता है और मिट्टी में नमी कुछ ज्यादा समय तक बनी रह सकती है. खासकर उन पौधों के आसपास इसका इस्तेमाल किया जा सकता है जिनकी मिट्टी जल्दी सूख जाती है.
कैसे गत्ते का डिब्बा नहीं करना चाहिए इस्तेमाल?
गार्डन में गत्ते का इस्तेमाल करने से पहले उसे चेक करना बहुत जरूरी है. साधारण और बिना प्लास्टिक कोटिंग वाला गत्ता इस्तेमाल करना बेहतर है. गत्ते से टेप, स्टेपल और प्लास्टिक के हिस्से हटा दें.
बहुत ज्यादा चमकीली प्रिंटिंग या ज्यादा स्याही वाले गत्ते से बचना बेहतर है. इस्तेमाल से पहले गत्ते को हल्का गीला कर दें. इससे वो मिट्टी पर आसानी से टिक जाएगा और हवा में भी नहीं उड़ेगा.
कबाड़ समझकर फेंकने से पहले एक बार सोचें
अगली बार ऑनलाइन शॉपिंग का डिब्बा खोलने के बाद कार्डबोर्ड को तुरंत कूड़े में डालने के बजाय देख लें कि वो गार्डन में इस्तेमाल लायक है या नहीं. सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो ये एक साथ खरपतवार रोकने, मिट्टी की नमी बचाने और नई क्यारी तैयार करने में मदद कर सकता है.