scorecardresearch
 

Steel Tap Cleaning Tips: बाथरूम के नलों पर जम गए हैं खारे पानी के जिद्दी सफेद दाग? इस फ्री ट्रिक से मिनटों में करें साफ

Bathroom Cleaning Tips: नल, सिंक और बाथरूम की फिटिंग्स पर जमे हार्ड वॉटर के जिद्दी दाग हटाने के लिए महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं है. आप टिफिन में बचे रोटी पैक करने वाले एल्यूमिनियम फॉयल से भी उन्हें साफ कर सकते हैं. इस आसान ट्रिक से मेटल सतहों पर जमे लाइमस्केल और सफेद दाग आसानी से साफ किए जा सकते हैं.

Advertisement
X
एल्यूमिनियम फॉयल को स्क्रबर की तरह इस्तेमाल करके खारे पानी के दागों को साफ किया जा सकता है. (Photo: ITG)
एल्यूमिनियम फॉयल को स्क्रबर की तरह इस्तेमाल करके खारे पानी के दागों को साफ किया जा सकता है. (Photo: ITG)

आपने देखा होगा कि चाहे आप बाथरूम की कितनी भी सफाई कर लें फिर भी नल, सिंक और बाकी लगी चीजों पर लगे जिद्दी सफेद दाग साफ होने का नाम नहीं लेते हैं. अगर आपके घर के नल, सिंक या बाथरूम की फिटिंग्स पर भी सफेद या पीले रंग के जिद्दी दाग जम गए हैं, तो इसकी वजह खारा पानी (हार्ड वॉटर) हो सकता है. ये दाग देखने में खराब लगते हैं और कई बार क्लीनर से भी आसानी से नहीं हटते है.

अगर आप भी इन्हें साफ करने के लिए तरह-तरह के क्लीनर्स का इस्तेमाल करके थक चुके तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको खारे पानी के दागों को साफ करने का एक फ्री का तरीका बताने वाले हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि रोटी लपेटने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एल्यूमिनियम फॉयल इन दागों को साफ करने में मदद कर सकता है. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर ये ट्रिक स्टील या एल्यूमिनियम की सतहों पर जमे खारे पानी के निशानों को हटाने में काफी कारगर साबित हो सकती है. आइए जानते हैं इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका और किन चीजों पर इसका इस्तेमाल करना चाहिए.

हार्ड वॉटर के दाग हटाने में कैसे काम करता है एल्यूमिनियम फॉयल?
एल्यूमिनियम फॉयल सिर्फ खाना पैक करने के काम नहीं आता, बल्कि ये सफाई में भी मददगार हो सकता है. सुबह जिस फॉयल में आप अपने बच्चों को या किसी परिवार के सदस्य को खाना पैक करके देती हैं, जब वो फॉयल टिफिन में वापस आता है तब उसे आप खारे पानी के दाग हटाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.

आप फॉयल को मसलकर गेंद बना लें. उसकी उभरी हुई सतह हल्के स्क्रबर की तरह काम करती है और जमे हुए दागों को धीरे-धीरे हटाने में मदद करती है. इसके अलावा, जब एल्यूमिनियम स्टेनलेस स्टील, क्रोम या लोहे जैसी धातु के संपर्क में पानी और सिरका या नमक जैसे घोल के साथ आता है, तो एक केमिकल प्रोसेस होती है, जिससे खारे पानी के मिनरल डिपॉजिट टूटने लगते हैं.

एल्यूमिनियम फॉयल से हार्ड वॉटर के दाग कैसे साफ करें?

1. एल्यूमिनियम फॉयल की एक बड़ी शीट लें और उसे मसलकर गेंद बना लें.
2. अब एक बाउल या स्प्रे बोतल में पानी के साथ सिरका, नींबू का रस या थोड़ा सा नमक मिलाएं.
3. इस घोल को दाग वाली जगह या फॉयल पर स्प्रे करें.
4. अब फॉयल से हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए दाग साफ करें.
5. कुछ ही देर में दाग हल्के पड़ने लगेंगे. अगर फॉयल ज्यादा काला या घिस जाए तो नया फॉयल इस्तेमाल करें.

किन सतहों पर करें इसका इस्तेमाल?
इस ट्रिक से धातु वाली सतहों पर से ही खारे पानी के दाग साफ करना सही रहता है. आप इससे स्टेनलेस स्टील के सिंक, क्रोम फिनिश वाले नल, लोहे की धातु वाली फिटिंग्स, किचन और बाथरूम की मेटल एक्सेसरीज साफ कर सकते हैं.

Advertisement

इन पर एल्यूमिनियम फॉयल आमतौर पर खरोंच नहीं छोड़ता और अच्छी तरह सफाई करने में मदद करता है.

क्या कांच और दूसरी सतहों पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं?
अगर आपके बाथरूम के ग्लास डोर या शीशे पर हार्ड वॉटर के दाग हैं, तो उन पर एल्यूमिनियम फॉयल इस्तेमाल करने की भूल न करें. इससे ग्लास पर खरोंच पड़ सकती हैं या अगर उस पर कोई कोटिंग या टिंट है तो उसे नुकसान पहुंच सकता है. ऐसी सतहों के लिए ग्लास क्लीनर या सिरके से बनी दूसरी सफाई की ट्रिक इस्तेमाल करना ज्यादा सेफ रहता है.

क्या डिशवॉशर में भी काम आता है एल्यूमिनियम फॉयल?
कई लोग डिशवॉशर के कटलरी बास्केट में एल्यूमिनियम फॉयल की गेंद रखकर चम्मच, कांटे और दूसरी धातु की कटलरी साफ करते हैं. इससे धातु पर जमी धुंधली परत और हार्ड वॉटर के निशान कम हो सकते हैं. हालांकि, ये ट्रिक कांच के गिलास, कप या दूसरी चीजों पर असरदार नहीं होती क्योंकि वहां एल्यूमिनियम के साथ कोई केमिकल रिएक्शन नहीं होती.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement