रसोई में बर्तन धोना रोज का काम है, लेकिन इस छोटे से काम के दौरान एक परेशानी लगभग हर किसी को होती है. सिंक में बर्तन साफ करते समय पानी के छींटे कपड़ों पर पड़ जाते हैं. कई बार साबुन का झाग और गंदा पानी भी कपड़ों तक पहुंच जाता है. फिर बर्तन तो साफ हो जाते हैं, लेकिन कपड़े बदलने या उन पर लगे दाग साफ करने का एक और काम बढ़ जाता है.
खासकर जब आप नहा-धोकर साफ कपड़े पहनकर रसोई में बर्तन धोने पहुंचते हैं, तब कपड़ों पर पड़ने वाली एक छींट भी पूरा मूड खराब कर देती है. हालांकि, इसके लिए हर बार कपड़े बदलने या महंगा रसोई सेटअप कराने की जरूरत नहीं है. बस बर्तन धोने के तरीके और सिंक के आसपास की कुछ छोटी चीजों में बदलाव करके इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है. अगर आपके साथ भी बर्तन धोते समय कपड़े गीले होने की समस्या रहती है, तो ये बिना एक भी रुपया खर्च किए 5 आसान ट्रिक्स से आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं.
1. सिंक से चिपककर नहीं, थोड़ा पीछे खड़े होकर धोएं बर्तन: बर्तन धोते समय ज्यादातर लोग सिंक के बिल्कुल पास खड़े हो जाते हैं. इससे बर्तन में पड़ने वाला पानी उछलकर सीधे कपड़ों पर आ जाता है. इसलिए कोशिश करें कि सिंक से थोड़ा पीछे खड़े होकर बर्तन धोएं. थोड़ी सी दूरी बनाने से पानी के छींटे आपके कपड़ों तक आसानी से नहीं पहुंचेंगे. खासकर बड़े बर्तन, प्लेट या कड़ाही धोते समय ये तरीका काफी काम आ सकता है.
2. नल के पानी का प्रेशर करें कंट्रोल: अगर आप नल का पानी पूरी स्पीड से चलाकर बर्तन धोते हैं, तो पानी के छींटे ज्यादा उड़ती हैं. यानी पानी का प्रेशर भी कपड़े गीले होने की वजह हो सकता है. इससे सिंक के आसपास का काउंटर और आपके कपड़े दोनों गीले हो सकते हैं. इसलिए बर्तन धोते समय नल का पानी जरूरत के हिसाब से कम या मीडियम फ्लो पर रखें. अगर सिंक में स्प्रे नोजल या स्प्रेयर है, तो उसे भी सीधे तेज धार में चलाने के बजाय कंट्रोल करके इस्तेमाल करें.
3. वॉटरप्रूफ एप्रन पहने: अगर बर्तन धोते समय कपड़े बार-बार गीले होते हैं, तो वॉटरप्रूफ एप्रन इस्तेमाल करना सबसे आसान उपायों में से एक है. प्लास्टिक या विनाइल कोटिंग वाला एप्रन पानी और साबुन के छींटों को सीधे कपड़ों तक पहुंचने से रोकने में मदद करता है. खास बात ये है कि इसे सिर्फ बर्तन धोते समय ही नहीं, बल्कि रसोई की सफाई या सब्जियां धोते वक्त भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
4. सिंक के किनारे रखें छोटा तौलिया: सिंक के जिस किनारे पर आप खड़े होकर बर्तन धोते हैं, वहां अक्सर पानी की बूंदें जमा हो जाती हैं. इनकी वजह से कपड़े गीले हो जाते हैं. अगर आपके पास सिंक के लिए अलग सिलिकॉन स्प्लैश गार्ड नहीं है, तो उस किनारे पर एक छोटा पुराना तौलिया या कपड़ा रख सकते हैं. ये गिरने वाले पानी को सोखने में मदद करेगा और सिंक के आसपास पानी फैलने की परेशानी भी कम होगी.
5. पास में रखें छोटा टॉवल: बर्तन धोते समय हाथ गीले होना तो तय है. ऐसे में हाथ पोंछने के लिए अगर तौलिया दूर रखा है, तो कई बार लोग गीले हाथ सीधे अपने कपड़ों पर पोंछ लेते हैं. इससे कपड़े और ज्यादा गीले हो जाते हैं. इसलिए सिंक के पास एक छोटा हैंड टॉवल हमेशा रखें. चाहें तो इसे कमर के पास भी लटका सकते हैं, ताकि जरूरत पड़ते ही हाथ पोंछ सकें.