scorecardresearch
 

Rajasthani Pyaz Kachori Paratha: नाश्ते में बनाएं प्याज कचौरी वाला पराठा, एक बाइट में मिलेगा राजस्थानी स्वाद, नोट करें रेसिपी

राजस्थान की फेमस प्याज कचौरी का चटपटा स्वाद अब पराठे में लें. प्याज, आलू, बेसन और मसालों से तैयार स्टफिंग को आटे में भरकर तवे पर सेंकें. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार यह पराठा नाश्ते के लिए शानदार है और इसे दही, चटनी या अचार के साथ मजे से सब खाएंगे. जानें इसकी रेसिपी.

Advertisement
X
प्याज को नमक डालकर थोड़ी देर साइड रख देना चाहिए. (PHOTO:AI)
प्याज को नमक डालकर थोड़ी देर साइड रख देना चाहिए. (PHOTO:AI)

Rajasthani Pyaz Kachori Paratha:राजस्थान की मशहूर प्याज कचौरी का स्वाद भला किसे पसंद नहीं होता? मसालेदार प्याज की स्टफिंग, खस्ता परत और चटपटा स्वाद इसे खास बनाता है. लेकिन कचौरी बनाने में तेल ज्यादा लगता है और इसे तैयार करने में भी थोड़ा समय लगता है. ऐसे में आप राजस्थान का फेमस प्याज कचौरी पराठा ट्राई कर सकते हैं.

इसमें प्याज कचौरी जैसी ही मसालेदार स्टफिंग को आटे में भरकर पराठा बनाया जाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें कचौड़ी बनाने की तरह ज्यादा तेल भी नहीं लगता है और खाने में भी बिल्कुल कचौड़ी वाला टेस्ट आता है. इसे आप आसानी से अपने घर पर बना सकते हैं और नाश्ते या शाम के स्नैक के तौर पर चाय, दही या चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

प्याज कचौरी पराठा बनाने के लिए सामग्री

  • 1 बड़ा चम्मच जीरा
  • 2 बड़े चम्मच साबुत धनिया
  • 1 बड़ा चम्मच सौंफ
  • 7-10 काली मिर्च
  • 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
  • 2 बड़े चम्मच बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च
  • 3 मध्यम आकार के प्याज, बारीक कटे हुए
  • 1 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 2 बड़े चम्मच बेसन
  • 2 मध्यम उबले हुए आलू, कद्दूकस किए हुए
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 बड़ा चम्मच चीनी
  • आधे नींबू का रस
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • पराठा सेंकने के लिए घी या तेल
  • आटा

कैसे बनाएं प्याज कचौरी पराठा?

Advertisement
  1. सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा नमक डालकर नरम आटा गूंथ लें. इसे कुछ देर ढककर रख दें. उसके बाद एक पैन गर्म करें. इसमें जीरा, साबुत धनिया, सौंफ, काली मिर्च और कसूरी मेथी डालकर 1 से 2 मिनट तक ड्राई रोस्ट करें.
  2. मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इन्हें थोड़ा ठंडा करके दरदरा कूट लें. ध्यान रखें कि मसालों का बारीक पाउडर न बनाएं, क्योंकि स्टफिंग में हल्का टेक्सचर ही कचौरी जैसा स्वाद देगा.
  3. अब पैन में थोड़ा घी गर्म करें. इसमें तैयार दरदरा मसाला, बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालकर करीब एक मिनट भूनें. इसके बाद कटे हुए प्याज डालें और प्याज के नरम होने तक पकाएं.
  4. अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. करीब एक मिनट बाद बेसन डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह भूनें. बेसन की कच्ची खुशबू खत्म होने के बाद इसमें कद्दूकस किए हुए उबले आलू डालें.
  5. अब नमक, चीनी और नींबू का रस डालकर पूरी स्टफिंग को अच्छी तरह मिलाएं. मिक्सर को तब तक पकाएं जब तक यह एकसार होकर पैन छोड़ने न लगे. आखिर में हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें. आपकी कचौरी वाली प्याज की मसालेदार स्टफिंग तैयार है.
  6. अब आटे की लोई बनाकर इसे थोड़ा बेलें. बीच में तैयार स्टफिंग रखें और किनारों को बंद कर दें. इसे हल्के हाथों से बेलकर पराठे का आकार दें. ध्यान रखें कि बेलते समय स्टफिंग बाहर न निकले.
  7. तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से थोड़ा घी या तेल लगाकर सेंकें. इसे तब तक पकाएं जब तक पराठा क्रिस्पी और गोल्डन न हो जाए.

किसके साथ सर्व करें?

Advertisement

गरमा-गरम प्याज कचौरी पराठे को दही, हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या मसालेदार अचार के साथ परोसें. इसका स्वाद आपको राजस्थान की प्याज कचौरी की याद दिलाएगा, लेकिन इसे पराठे की तरह बनाना काफी आसान है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement