Kashmiri Shufta Recipe: मसालों और ड्राई फ्रूट्स से बनाएं कश्मीर की फेमस मिठाई शुफ्ता, स्वाद में लाजवाब, बनाने में भी आसान
कश्मीरी शुफ्ता ड्राई फ्रूट्स, पनीर, नारियल और खुशबूदार मसालों से बनने वाली खास मिठाई है. इसका स्वाद मीठा होने के साथ हल्का मसालेदार भी होता है. अगर आप घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी से कश्मीरी शुफ्ता तैयार कर सकते हैं और खाने के बाद परोस सकते हैं.
Advertisement
X
कश्मीर में मिठाई में मसालों का स्वाद आता है. (PHOTO:ITG)
Kashmiri Shufta Recipe: कश्मीर का खान-पान अपने खास स्वाद और खुशबू के लिए जाना जाता है. यहां की कई पारंपरिक डिशेज में मसालों का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो उन्हें बाकी डिशेज से अलग बनाता है. ऐसी ही एक खास और स्वादिष्ट मिठाई है कश्मीरी शुफ्ता. इसे खासतौर पर ड्राई फ्रूट्स, पनीर, नारियल और खुशबूदार मसालों की मदद से तैयार किया जाता है. शुफ्ता का स्वाद मीठा होने के साथ-साथ मसालेदार और हल्का गर्माहट वाला होता है.
इसमें बादाम, काजू, अखरोट, किशमिश और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स डाले जाते हैं, जिससे इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों खास हो जाते हैं. अगर आप घर पर कोई अलग तरह की मिठाई बनाना चाहते हैं, तो आप कश्मीरी शुफ्ता ट्राई कर सकते हैं. इसे बनाने का तरीका भी बहुत मुश्किल नहीं है. आइए जानते हैं कश्मीरी शुफ्ता बनाने की आसान रेसिपी.
सबसे पहले बादाम, काजू, अखरोट, किशमिश और पिस्ता को एक बर्तन में डालकर पानी में कम से कम 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें. सूखे नारियल को पानी में न भिगोएं.
अब एक पैन को गैस पर गर्म करें और उसमें घी डालें. घी गर्म होने पर चौकोर कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें. इन्हें हल्का सुनहरा होने तक फ्राई करें. पनीर को ज्यादा न तलें, वरना वह सख्त हो सकता है. फ्राई होने के बाद पनीर को एक प्लेट में निकाल लें.
अब बचे हुए घी में बारीक कटा हुआ सूखा नारियल डालें और हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसे भी प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
भीगे हुए ड्राई फ्रूट्स को पानी से निकालें और साफ कपड़े पर रखकर हल्का सुखा लें. इसके बाद इन्हें उसी पैन में डालकर कुछ देर घी में भून लें.
अब पैन में चीनी डालें और 3 बड़े चम्मच पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद काली मिर्च पाउडर, जायफल पाउडर, दालचीनी पाउडर और सोंठ पाउडर डालें.
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर तब तक पकाएं, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए. अब इसमें भुना हुआ नारियल और फ्राई किया हुआ पनीर डाल दें.
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 4 से 5 मिनट तक लो फ्लेम पर पकाएं, ताकि मसालों और चीनी का स्वाद ड्राई फ्रूट्स और पनीर में अच्छी तरह मिल जाए.
जब मिश्रण अच्छी तरह पक जाए और चीनी की चाशनी ड्राई फ्रूट्स पर अच्छी तरह लिपट जाए, तो गैस बंद कर दें. तैयार है स्वादिष्ट कश्मीरी शुफ्ता. इसे आप खाना खाने के बाद गर्मागर्म या हल्का ठंडा करके परोस सकते हैं.