scorecardresearch
 

How to make Suji Golgappa: 10 मिनट में घर पर बनाएं ठेले जैसे क्रिस्पी सूजी के गोलगप्पे, मास्टरशेफ पंकज भदौरिया की ये ट्रिक आएगी काम

अगर आप घर पर बाजार जैसे कुरकुरे गोलगप्पे बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए है. सिर्फ 10 मिनट में सूजी के गोलगप्पे तैयार करें और साथ में स्वादिष्ट तीखा और मीठा पानी बनाकर पूरे परिवार के साथ स्ट्रीट फूड का मजा घर पर लें.

Advertisement
X
मीठा-खट्टा पानी से गोलगप्पे मजेदार लगते हैं. (PHOTO:AI)
मीठा-खट्टा पानी से गोलगप्पे मजेदार लगते हैं. (PHOTO:AI)

How to make Suji Golgappa at Home: स्ट्रीट फूड की जब भी बात होती है, तब सबसे पहले लोगों की जुबान पर गोलगप्पे का नाम ही आता है. दिल्ली से लेकर बंगाल तक हर जगह सड़कों पर जगह-जगह गोलगप्पों के स्टोल नजर आते हैं, जहां सूजी और आटे दो तरीके के गोलगप्पे लोग बड़े चाव से खाते हैं. हालांकि जब भी बात गोलगप्पों की आती है, तो लोग बाजार का ही रूख करते हैं, क्योंकि घर पर वैसा स्वाद नहीं मिल पाता है. 

मगर कई बार लोग बाहर की साफ-सफाई को लेकर चिंता के कारण अपने पसंदीदा गोलगप्पों का लुफ्त नहीं उठा पाते हैं. मगर अब आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने इंस्टाग्राम पर सूजी के गोलपप्पे बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है, जिससे आप अपने घर पर ही सिर्फ 10 मिनट में बाजार जैसे सूजी के कुरकुरे गोलगप्पे बना लेंगे.

इस आसान रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें गोलगप्पों के साथ तीखा पानी, मीठा पानी और चाट भी तैयार की जा सकती है. आइए जानते हैं यह आसान रेसिपी.

गोलगप्पे बनाने के लिए सामग्री

  • सूजी (रवा) – 250 ग्राम
  • गर्म तेल – 50 मिली
  • आटा गूंथने के लिए गर्म पानी
  • तलने के लिए तेल

तीखा पानी बनाने के लिए

  • हरा धनिया – 1 गुच्छा
  • पुदीना – आधा गुच्छा
  • भुना जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
  • नमक – 1 छोटा चम्मच
  • काला नमक – आधा छोटा चम्मच
  • अदरक – 2 इंच का टुकड़ा
  • हरी मिर्च – 5
  • टार्टरिक एसिड – आधा छोटा चम्मच या 6 बड़े चम्मच नींबू का रस
  • बूंदी – सजाने के लिए

मीठा पानी बनाने के लिए

Advertisement
  • इमली का पानी – 1 कप
  • गुड़ – 50 ग्राम
  • तेल – 1 बड़ा चम्मच
  • जीरा – आधा छोटा चम्मच
  • कलौंजी – आधा छोटा चम्मच
  • सौंफ – आधा छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
  • नमक – 1 छोटा चम्मच
  • काला नमक – आधा छोटा चम्मच
  • बूंदी – सजाने के लिए

स्टफिंग के लिए

  • उबले हुए आलू
  • उबला हुआ सफेद मटर 

सूजी के गोलगप्पे बनाने की विधि

सबसे पहले सूजी में गर्म तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.

आटे को 5 मिनट तक अच्छी तरह मसलें ताकि यह चिकना हो जाए. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली और लंबी पूरियां बेल लें.

कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें और पूरियों को तुरंत तलें. गोलगप्पे फूलकर सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं तो निकालकर ठंडा होने दें.

तीखा पानी बनाने का तरीका

हरा धनिया, पुदीना, अदरक, हरी मिर्च, भुना जीरा, चाट मसाला, नमक, काला नमक और नींबू का रस (या टार्टरिक एसिड) को 1 कप पानी के साथ पीस लें. अब इस मिक्सर को छान लें और स्वाद के अनुसार 1 कप पानी और मिला दें. ऊपर से बूंदी डालकर परोसें.

Advertisement

मीठा पानी बनाने की विधि

एक पैन में तेल गर्म करें. इसमें जीरा, सौंफ और कलौंजी डालकर हल्का भूनें. अब इमली का पानी, गुड़, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा, चाट मसाला, नमक और काला नमक डालकर 3 से 4 मिनट तक उबालें. गैस बंद करके इसमें 1 कप पानी मिलाएं और ठंडा होने दें. आखिर में बूंदी डालें.

इस तरीके से करें सर्व

गोलगप्पों में उबले आलू और सफेद मटर की स्टफिंग भरें. फिर अपनी पसंद के अनुसार तीखा या मीठा पानी डालें और तुरंत परोसें. चाहें तो इन्हीं गोलगप्पों से आप पापड़ी चाट भी तैयार कर सकते हैं.

प्रो टिप: गोलगप्पे तलने के बाद पूरी तरह ठंडे होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे वे लंबे समय तक कुरकुरे बने रहेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement