How to get rid of lizards: घरों की दीवारों पर छिपकलियों को देखकर ही डर लगने लगता हैं, छिपकलियां देखने में भी गंदी लगती हैं और यह खाने की चीजों को भी खराब कर देती हैं. बदलते मौसम में अक्सर ही छिपलकियों का आना-जाना शुरू हो जाता है, घर के अंदर कभी दीवार पर तो कभी फर्श पर यह घूमती हुई दिखाई देती हैं. छिपकलियां कई बार रसोई में खाने में भी गिर जाती हैं और इस वजह से खाने बनाते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है.
खासकर रात के समय जब आप कमरे की लाइट जलाते हैं और कुछ ही देर में छिपकली दीवार या छत पर दौड़ती नजर आती है, तो कई लोगों की हालत खराब हो जाती है.छिपकलियां सिर्फ डराती नहीं हैं, बल्कि इनकी मौजूदगी में एक अजीब असहज महसूस भी होता है, आमतौर तो छिपकलियां इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होती है, अगर आप भी छिपकलियों को घर से भगाना चाहते हैं तो यह कुछ आसान घरेलू तरीके आजमा सकते हैं.
घर में कीड़े-मकौड़े करें कम
छिपकलियां घर के अंदर खाने के तलाश में आती हैं और इनको घर के अंदर बुलाने की सबसे बड़ी वजह छोटे कीड़े होते हैं, अगर घर में मच्छर, मक्खियां, पतंगे और कॉकरोच ज्यादा हैं तो इनको खाने के लिए छिपकलियों के लिए खाने की कमी नहीं होगी. इसलिए रसोई में खाना खुला ना छोड़ें, डस्टबिन को खुला न रखें और गीले कचरे को समय से बाहर निकाल दें. इन सब चीजों के कारण कीड़े कम होते हैं, जिसकी वजह से छिपकलियां भी घर में नहीं आती हैं.
दरवाजे और खिड़कियों की दरारें बंद करें
छिपकलियां बहुत छोटी जगह से भी घर के अंदर आ सकती है, इसलिए दरवाजे, खिड़की, पाइप के आसपास या दीवार में मौजूद छोटे गैप को नजरअंदाज न करें. दरवाजे के नीचे ज्यादा जगह हो तो डोर सील या वेदर स्ट्रिप लगा सकते हैं. दीवार और खिड़की के आसपास की दरारों को कॉक या सीलेंट से बंद करें. इससे सिर्फ छिपकली ही नहीं, बल्कि छोटे कीड़े-मकौड़ों की एंट्री भी कम होगी.
नैफ्थलीन बॉल्स का इस्तेमाल
नैफ्थलीन बॉल्स यानी मोथबॉल की तेज स्मेल भी छिपकली और दूसरे कीड़ों को घर से दूर रखने में मदद करती हैं, मगर बच्चों वाले घर में इनको खुला छोड़ना आपके लिए मुश्किल खड़ा कर सकता है. इसलिए अगर आपके घर में बच्चे हो तो आप घर के अंदर नैफ्थलीन बॉल्स का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करना चाहिए. जितना हो इनका इस्तेमाल कम ही करना चाहिए.
अंडे के छिलके वाला नुस्खा
कई भारतीय घरों में छिपकली भगाने के लिए अंडे के छिलके रखने का घरेलू नुस्खा काफी पुराना है. माना जाता है कि छिपकली टूटे हुए अंडे के छिलकों से दूरी बना सकती है, क्योंकि उसे आसपास किसी शिकारी की मौजूदगी का अंदेशा हो सकता है. हालांकि इस तरीके के पीछे पक्का वैज्ञानिक सबूत सीमित नहीं हैं. इसलिए इसे आजमाना चाहें तो इसे सिर्फ घरेलू उपाय के तौर पर इसको ट्राई करके देख सकते हैं.
घर के कोनों और सामान के पीछे सफाई करें
छिपकलियां अक्सर ऐसी जगहों पर छिपती हैं जहां उन्हें कम परेशानी हो. इसलिए घर के अंदर छिपकलियां अक्सर फर्नीचर के पीछे, स्टोर रूम, पुराने डिब्बों, पर्दों के पीछे और सामान से भरे कोनों में छिपती हैं. जितना हो घर के कोने-कोने की रोजाना सफाई करें और लंबे समय से घर में मौजूद कबाड़ और बेकार डिब्बों को टाइम से घर से बाहर कर दें.
रात के समय खिड़कियों को बिना वजह ना खोलकर न रखें, इससे कीड़े अंदर आते हैं. इनको कीड़ों की वजह से छिपकलियां भी आपको ज्यादातर ट्यूबलाइट के पास ही दिखाई देती हैं.
छिपकलियां घर में क्यों आती हैं?
अगर घर में छिपकलियां बार-बार दिखाई दे रही हैं, तो सिर्फ उन्हें भगाने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी. सबसे पहले घर में मौजूद कीड़ों को कम करें, खिड़की-दरवाजों की जाली और दरारों को ठीक करें और छिपने की जगहों की सफाई करें. इन छोटे बदलावों से छिपकली के लिए घर में आना और टिकना दोनों मुश्किल हो सकते हैं.