scorecardresearch
 

Auto Sales October 2026: ठंडी पड़ गई गाड़ियों की बिक्री? FADA के आंकड़ों से समझें ऑटो बाजार का पूरा गणित

फाडा ने अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट जारी कर दी है. लेटेस्ट रिपोर्ट बता रही है कि पिछले साल के अक्टूबर के मुकाबले इस साल का अक्टूबर कम बिक्री वाला रहा है. तो क्या ये मान लिया जाए कि कारों की मांग कम हुई है. नहीं ऐसा बिलकुल नहीं है. पिछले साल की सेल्स में बड़ी भूमिका त्योहारों और जीएसटी दरों में हुए बदलाव की थी. आइए समझते हैं पूरा मामला.

Advertisement
X
पिछले साल के अक्टूबर के मुकाबले इस साल अक्टूबर में ऑटो सेक्टर की सेल्स कम हुई है. Photo: Ashwin Satyadev/ITG
पिछले साल के अक्टूबर के मुकाबले इस साल अक्टूबर में ऑटो सेक्टर की सेल्स कम हुई है. Photo: Ashwin Satyadev/ITG

FADA के मुताबिक, अक्टूबर में गाड़ियों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 23.80% गिरकर 31.72 लाख यूनिट रही. पिछले साल दिवाली और GST कटौती के बाद बढ़ी मांग से बिक्री का बेस ऊंचा था. इस साल दिवाली नवंबर में होने से त्योहारों की खरीदारी का बड़ा हिस्सा अगले महीने आने की उम्मीद है.

भारत में गाड़ियों की बिक्री के आंकड़े अक्टूबर में भले ही कमजोर नजर आए हों, लेकिन तस्वीर इतनी सीधी नहीं है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में कुल 31,72,466 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई. ये सितंबर के मुकाबले 25.05% ज्यादा है, लेकिन पिछले साल अक्टूबर की तुलना में 23.80% कम है.

FADA का कहना है कि अक्टूबर के आंकड़ों को समझने के लिए त्योहारों के कैलेंडर और पिछले साल की बिक्री को ध्यान में रखना जरूरी है. अक्टूबर 2025 में नवरात्रि और दिवाली दोनों एक ही महीने में थीं. इसके अलावा, 22 सितंबर 2025 को GST दरों में कटौती के बाद बढ़ी मांग का असर भी पिछले साल की बिक्री पर पड़ा था. इस साल नवरात्रि अक्टूबर में रही, जबकि धनतेरस और दिवाली नवंबर में हैं.

त्योहारों की तारीखों ने बदला बिक्री का गणित

अक्टूबर 2026 में गाड़ियों की बिक्री सितंबर के मुकाबले करीब 25% बढ़ी है. FADA के मुताबिक, ये बढ़त त्योहारों की खरीदारी का बेहतर संकेत देती है. वहीं, पिछले साल अक्टूबर में दिवाली की खरीदारी और GST कटौती के बाद बढ़ी मांग के चलते बिक्री का बेस काफी ऊंचा था. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: Honda Alpha SUV लॉन्च कन्फर्म... ऐसी होगी कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक कार

इस बार धनतेरस 6 नवंबर और दिवाली 8 नवंबर को पड़ रही है. ऐसे में FADA को उम्मीद है कि अक्टूबर में टली खरीदारी का कुछ हिस्सा नवंबर में देखने को मिल सकता है. हालांकि, ये मांग कितनी बढ़ेगी, इसका सही आकलन नवंबर के बिक्री आंकड़ों से ही होगा. 

FADA के मुताबिक, अक्टूबर 2026 कुल खुदरा बिक्री के लिहाज से अब तक का दूसरा सबसे अच्छा अक्टूबर रहा. कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर की बिक्री ने अपने-अपने सेगमेंट में अक्टूबर का रिकॉर्ड बनाया.

किस सेगमेंट में कितनी गाड़ियों की बिक्री?

FADA के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, अलग-अलग वाहन श्रेणियों की बिक्री में सालाना और मासिक आधार पर अलग-अलग रुझान देखने को मिले. अक्टूबर में 23,21,419 दोपहिया वाहन बिके जो पिछले साल के मुकाबले 28.35% की गिरावट है जबकि सितंबर के मुकाबले 29.67% की बढ़ोतरी है. 

यह भी पढ़ें: नए अवतार में आ रही लोगों की पसंदीदा SUV, टेस्टिंग में दिखी नई Hyundai Creta

FADA के मुताबिक, इस सेगमेंट पर त्योहारों और ग्रामीण मांग का असर सबसे ज्यादा पड़ता है. वहीं कार और SUV समेत पैसेंजर व्हीकल की 5,07,768 यूनिट बिकीं. सालाना आधार पर इनकी बिक्री में 14.23% की कमी आई लेकिन सितंबर के मुकाबले ये 18.86% बढ़ी है. ये अक्टूबर में पैसेंजर व्हीकल की अब तक की तीसरी सबसे ज्यादा बिक्री है.

Advertisement

इसी तरह ट्रक और दूसरे कमर्शियल वाहनों की बिक्री 1,15,140 यूनिट रही. इसमें सालाना 2.29% और मासिक आधार पर 11.19% की बढ़त दर्ज की गई. FADA के मुताबिक, भारी और मध्यम कमर्शियल वाहनों की मांग ने इस सेगमेंट को सहारा दिया. जबकि अक्टूबर में 1,41,420 थ्री-व्हीलर बिके जो सालाना आधार पर 3.97% और सितंबर के मुकाबले 6.68% की बढ़ोतरी है. 

इस सेगमेंट ने अक्टूबर में अब तक की सबसे ज्यादा खुदरा बिक्री दर्ज की. अक्टूबर में 79,285 ट्रैक्टर बिके जो पिछले साल के मुकाबले 3.10% और सितंबर के मुकाबले 3.09% की बढ़ोतरी है. FADA के मुताबिक, ग्रामीण मांग इस सेगमेंट को सहारा दे रही है. व्हील्ड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की बिक्री 7,434 यूनिट रही जो सालाना आधार पर 22.07% और मासिक आधार पर 14.62% ज्यादा है.

ग्रामीण बाजार में टू-व्हीलर की बिक्री सबसे ज्यादा प्रभावित

FADA के आंकड़ों में टू-व्हीलर सेगमेंट की ग्रामीण बिक्री में सबसे बड़ी गिरावट दिखी. अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 33.97% कम रही. शहरी बाजार में ये गिरावट 20.77% थी. पैसेंजर व्हीकल की ग्रामीण बिक्री में सालाना 12.44% और शहरी बिक्री में 15.30% की गिरावट दर्ज हुई. 

कुल वाहन बिक्री में ग्रामीण बाजार की गिरावट 28.59% रही, जबकि शहरी बाजार में ये 18.07% थी. FADA के मुताबिक, ग्रामीण और उत्तर भारत के बाजारों में अक्टूबर की कमजोर बिक्री के बाद नवंबर में सुधार की उम्मीद है.

Advertisement

इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड

अक्टूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री करीब 3.55 लाख यूनिट तक पहुंच गई. FADA के मुताबिक, ये अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में सालाना 44.88% की बढ़त दर्ज हुई और कुल वाहन बिक्री में इनकी हिस्सेदारी करीब 11.5% रही. 

पिछले साल अक्टूबर में यह हिस्सेदारी करीब 6% थी. थ्री-व्हीलर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 62.63% रही यानी इस श्रेणी में बिकने वाले हर 100 वाहनों में करीब 63 इलेक्ट्रिक थे. पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में भी वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल बढ़ता दिखा. 

अक्टूबर में पेट्रोल और एथेनॉल से चलने वाले वाहनों की हिस्सेदारी 41.60% रही. वहीं, CNG, LPG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलाकर ये हिस्सेदारी 41.83% तक पहुंच गई. इस तरह पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों की संयुक्त हिस्सेदारी पेट्रोल से थोड़ी ज्यादा रही.

नवंबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद, लेकिन डीलर्स सतर्क

FADA के ऑनलाइन मेंबर्स सर्वे के मुताबिक, 51.65% डीलर्स को नवंबर 2026 में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. वहीं, 34.71% डीलर्स ने बिक्री स्थिर रहने और 13.64% ने गिरावट का अनुमान लगाया है. धनतेरस और दिवाली नवंबर में होने की वजह से डीलर्स को त्योहारों की खरीदारी से सहारा मिलने की उम्मीद है. 

Advertisement

FADA के मुताबिक, ग्रामीण और उत्तर भारतीय बाजारों में बिक्री बढ़ने की संभावना है. हालांकि, त्योहारों के बाद मांग में कमी, वाहनों की उपलब्धता और बढ़ती EMI जैसे जोखिम भी बने हुए हैं. FADA के सर्वे में करीब 31% डीलर्स ने बताया कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर वाहन फाइनेंस की लागत और EMI पर पड़ सकता है.

अगले तीन महीने में कैसी रहेगी गाड़ियों की बिक्री?

नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच वाहन बिक्री को लेकर डीलर्स का रुख सतर्क आशावादी है. FADA के सर्वे में 50.41% डीलर्स ने अगले तीन महीनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई. 40.08% ने बिक्री स्थिर रहने और 9.50% ने गिरावट का अनुमान लगाया. 

डीलर्स को उम्मीद है कि दिवाली के बाद साल के आखिर में मिलने वाले ऑफर, नए मॉडल और वाहनों की बेहतर उपलब्धता बिक्री को सहारा दे सकते हैं. वहीं, टू-व्हीलर सेगमेंट में ग्रामीण मांग और EMI का असर अहम रहेगा. कुल मिलाकर, अक्टूबर में गाड़ियों की खुदरा बिक्री में सालाना गिरावट जरूर आई है, लेकिन त्योहारों की तारीखों और पिछले साल के ऊंचे बेस को ध्यान में रखकर आंकड़ों को समझना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement