रोजाना एक ही तकिए पर सोने और उसे बार-बार दबाने या मोड़ने से कुछ समय बाद उसकी शेप खराब होने लगती है. कभी तकिया बीच से दब जाता है, तो कभी उसके अंदर भरी रुई या फाइबर एक तरफ जमा हो जाता है. इससे तकिया पहले जैसा मुलायम और आरामदायक नहीं रहता. सिर को भी ठीक से सहारा नहीं मिल पाता. ऐसे में कई लोग पुराना तकिया समझकर उसे फेंक देते हैं या नया खरीदने की सोचते हैं. अगर आप भी ऐसा ही करने की सोच रहे हैं, तो रुक जाएं.
अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. अगर तकिए के अंदर की रुई या फाइबर ठीक है, तो कुछ आसान घरेलू तरीकों से उसे दोबारा फुलाया जा सकता है. आइए जानते हैं 3 ऐसे आसान तरीके, जिनसे आपका पिचका हुआ तकिया फिर से पहले जैसा फूला हुआ नजर आ सकता है.
हाथों से दबाएं और चारों तरफ से थपथपाएं
अगर आपका तकिया बीच से दब गया है या उसकी रुई एक तरफ जमा हो गई है, तो सबसे पहले उसे हाथों से ठीक करने की कोशिश करें. इसके लिए तकिए को दोनों हाथों से पकड़ें और चारों तरफ से हल्के हाथों से दबाकर छोड़ें. ऐसा कुछ देर तक करते रहें. इसके बाद तकिए को पलटकर दूसरी तरफ से भी थपथपाएं. इससे अंदर की रुई या फाइबर को दोबारा फैलने में मदद मिलती है. ध्यान रखें कि तकिए को बहुत जोर से न पीटें और न ही खींचकर सीधा करने की कोशिश करें. हल्के हाथों से किया गया ये काम उसकी शेप सुधार सकता है.
थोड़ी देर धूप और खुली हवा में रखें
तकिए पर सिर रखकर सोया जाता है, जिसकी वजह से कई बार तकिए के अंदर पसीने और नमी हो जाती है. इसकी वजह से उसकी भराई आपस में चिपकने लगती है. इससे तकिया भारी, चपटा और बेजान महसूस होता है. ऐसी स्थिति में उसे कुछ देर खुली हवा में रखना अच्छा रहता है. आप तकिए को किसी साफ जगह पर रखें और थोड़ी देर बाद पलट दें, ताकि दोनों तरफ हवा लग सके. हल्की धूप में रखने से भी नमी कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, तकिए को बहुत तेज धूप में घंटों तक न छोड़ें, क्योंकि इससे उसका कपड़ा और अंदर का फाइबर खराब हो सकता है. तकिए के मटेरियल के हिसाब से ही उसे धूप दिखाएं.
अंदर जमा रुई या फाइबर को बराबर फैलाएं
अगर आपका तकिया एक तरफ से मोटा और दूसरी तरफ से बिल्कुल पिचका हुआ है, तो हो सकता है कि उसकी पूरी भराई एक जगह जमा हो गई हो. ऐसे में उसे सिर्फ थपथपाने से बात नहीं बनेगी. अगर तकिए के कवर में चेन लगी है, तो उसे खोलकर अंदर की रुई या फाइबर को उंगलियों से धीरे-धीरे अलग करें. तकिए के अंदर भरी रुक को कोनों और खाली जगहों तक बराबर फैलाएं. इसके बाद चेन बंद करके तकिए को चारों तरफ से हल्के हाथों से थपथपाएं. इससे तकिए का आकार पहले से बेहतर हो सकता है. हालांकि, अगर आपके पास फोम वाला तकिया है, तो उसे मोड़ने या खींचने से बचें. ऐसा करने से फोम की शेप खराब हो सकती है.
कब तकिए को बदलना ही बेहतर है?
इन तरीकों को अपनाने के बाद भी अगर तकिया अपनी शेप में नहीं लौट रहा है, तो उसकी अंदर भरी रुई खराब हो चुकी हो सकती है. खासकर जब फोम टूटने लगे, रुई में गांठें बन जाएं या तकिया बार-बार पिचक जाए, तो उसे बदलना बेहतर रहता है. याद रखें, तकिया सिर्फ सोने के लिए नहीं, बल्कि सिर और गर्दन को सहारा देने के लिए भी जरूरी है. इसलिए बहुत ज्यादा पुराना या खराब तकिया इस्तेमाल करने से बचें.