How to Clean Kitchen Chimney: रसोई में खाना बनाते समय कई बार धुआं पूरे घर में फैल जाता है, जिसकी वजह से काफी दिक्कत भी होती है. इससे आंखों में जलन और सांस लेने में भी तकलीफ हो जाती है, इसी के बचने के लिए लोग किचन में खासतौर पर चिमनी लगाते हैं, जो तेल और धुएं को सोख लेती है. मगर कुछ ही समय में उस पर जिद्दी ग्रीस और चिकनाई की एक मोटी परत जम जाती है. इसे बर्तन धोने में इस्तेमाल होने वाला डिशवॉश जेल भी साफ नहीं कर पाता है.
अगर आपकी रसोई की चिमनी भी तेल-मसालों की वजह से चिपचिपी हो गई है और उसको रगड़कर साफ करके आप थक चुके हैं तो आपको महंगे केमिकल क्लीनर्स की जरूरत नहीं है. क्योंकि अच्छी बात यह है कि आपके किचन में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं, जो इस जिद्दी ग्रीस को मिनटों में गायब कर सकती हैं.
चिमनी के फिल्टर्स को चमकाने के लिए आजमाएं ये 4 देसी हैक्स
कास्टिक सोडा: अगर चिमनी महीनों से साफ नहीं हुई है और उस पर काले रंग की ग्रीस जम चुकी है, तो कास्टिक सोडा आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. एक बड़े और गहरे प्लास्टिक या स्टील के टब में गर्म पानी भरें. फिर उसमें चिमनी के फिल्टर्स को डालें और ऊपर से दो से तीन चम्मच कास्टिक सोडा डाल दें.
हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि इसमें से तेज गैस निकलती है, इसलिए मास्क पहनें और हाथों में ग्लव्स जरूर लगाएं. करीबन इसे 20-30 मिनट के बाद इसे साफ पानी से धो लें.
बेकिंग सोडा और सफेद सिरका: चिमनी को एकदम नया और क्लीन बनाना चाहते हैं तो बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल करें. क्योंकि इन दोनों का रिएक्शन किसी भी तरह के कड़े दाग और चिपचिपाहट को काटने में माहिर होता है.
एक बड़े टब में उबलते हुए पानी में आधा कप बेकिंग सोडा और 1 कप सफेद सिरका डालकर घोल बना लें और उमसें चिमनी के फिल्टर्स को डिबोकर 15 से 20 मिनट के लिए रख दीजिए. उसके बाद पुराने टूथब्रश या स्क्रबर की मदद से उसको हल्के हाथों से साफ कर लें, इससे उसमें मौजूद सारी चिकनाई आसानी से निकल जाएगी.
लिक्विड डिश सोप और गर्म पानी
अगर आप हर दूसरे हफ्ते में ही रसोई में लगी चिमनी साफ करते हैं और चिकनाई ज्यादा पुरानी नहीं है, तो लिक्विड डिश सोप और गर्म पानी वाला नुस्खा आपके काम आ सकता है.
चिमनी के फिल्टर्स पर अच्छी तरह से लिक्विड डिशवॉश जेल लगा दें, उसके बाद इन्हें एक टब में रखकर ऊपर से खोलता हुआ गर्म पानी डाल दें. फिल्टर्स को 2 घंटे के लिए इसी पानी में डूबा रहने दें और उसके बाद स्क्रबर से साफ कर लें.
थिनर या नेल पेंट रिमूवर
सिर्फ फिल्टर्स ही नहीं बल्कि चिमनी का बाहरी हिस्सा हुड और बटन में भी गंदगी जम जाती है, इसलिए उसको साफ करना भी उतना ही जरूरी होता है. चिमनी की आउटर बॉडी की चिपचिपाहट को दूर करने के लिए गर्म पानी से धोना काफी नहीं होता है, इसके लिए आप थिनर और नेल पेंट रिमूवर का इस्तेमाल करें.
एक रुई के टुकड़े या साफ कपड़े पर थोड़ा सा नेल पेंट रिमूवर या थिनर लें, इसे चिमनी की बाहरी बॉडी और बटनों पर हल्के हाथों से रगड़ें. यह जिद्दी से जिद्दी ग्रीस को तुरंत सोख लेता है और आपकी चिमनी एकदम नए जैसी चमकने लगेगी.
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर की रसोई में लगी चिमनी की परफॉर्मेंस अच्छी बनी रहे और किचन में धुआं न भरे. तो इसके लिए हर 15 से 30 दिनों में चिमनी के फिल्टर्स को साफ करें, साफ चिमनी बिजली भी कम खाती है.