
Egg shelf life in summer: गर्मियों के मौसम में खाने-पीने की चीजों का बहुत जल्दी खराब होने का खतरा रहता है. दूध, सब्जियां, पका हुआ खाना तो लोग तुरंत फ्रिज में रख देते हैं ताकि गर्मी में खराब न हों लेकिन अंडों को लेकर लोग सावधानी नहीं बरतते. कई लोग बाजार या ऑनलाइन ग्रोसरी शॉप से अंडे खरीदकर उन्हें किचन के किसी कोने या कैरेट में ही रखे रहने देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इतनी भीषण गर्मी में अंडे बाहर कितने दिन में खराब हो जाते हैं? अगर आप उन्हें सही समय पर सही जगह स्टोर नहीं करते तो वे सेहत के लिए एक बड़ा खतरा बन सकते हैं. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हाई टेंपरेचर में अंडों के अंदर खतरनाक बैक्टीरिया बहुत तेजी से एक्टिव हो जाते हैं.
कमरे के तापमान पर कितने दिन टिकते हैं अंडे?
अंडों को कमरे के तापमान पर रखने को लेकर दुनिया भर में अलग-अलग गाइडलाइंस हैं. अमेरिका का एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट (USDA) का कहना है कि यदि अंडे एक बार रेफ्रिजरेट यानी ठंडे कर दिए गए हैं तो उन्हें 2 घंटे से ज्यादा बाहर नहीं छोड़ा जाना चाहिए.
खासकर गर्मियों में, जब तापमान 35 से 40 डिग्री के पार चला जाता है तो बाहर रखे अंडे महज 2 से 3 दिन के भीतर ही खाने लायक नहीं बचते. गर्मी की वजह से अंडों के अंदर नमी बनने लगती है जो बैक्टीरिया को अंदर घुसने का रास्ता देती है.

साल्मोनेला बैक्टीरिया का बढ़ता है खतरा
गर्मी में अंडों को बाहर रखने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि इनमें साल्मोनेला (Salmonella) नाम का खतरनाक बैक्टीरिया पनपने लगता है. एक केस स्टडी बताती है कि यह बैक्टीरिया फूड पॉइजनिंग का सबसे बड़ा कारण है जिससे उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. ठंडे तापमान में यह बैक्टीरिया सुस्त रहता है लेकिन जैसे ही इसे गर्मी मिलती है इसकी संख्या लाखों में बढ़ जाती है. इसलिए गर्मियों में अंडों को खुले में रखने की गलती बिल्कुल न करें.
फ्रिज में कितने दिन तक सेफ रहते हैं अंडे?
यदि आप अंडों को लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं तो उन्हें तुरंत फ्रिज में स्टोर करना ही एकमात्र ऑपशंस है. फ्रिज के अंदर 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर कच्चे अंडे 3 से 5 हफ्ते तक बिल्कुल सुरक्षित और फ्रेश रहते हैं. वहीं यदि आपने अंडे उबाल लिए हैं तो उबले हुए अंडे (छिलके के साथ) फ्रिज के अंदर सिर्फ 1 हफ्ते यानी 7 दिन तक ही सही रहते हैं.