Home Fire Safety: इन दिनों देश के कई हिस्सों से आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. गर्मी, शॉर्ट सर्किट और छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण कई बार बड़े हादसे हो जाते हैं. ऐसे में घर में मौजूद उन चीजों के बारे में जानकारी होना बेहद जरूरी है जो आग लगने का खतरा बढ़ा सकती हैं. थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता अपनाकर आप अपने घर और परिवार को सेफ रख सकते हैं. आइए जानते हैं घर में मौजूद ऐसी 7 चीजों के बारे में जो आग लगने का खतरा बढ़ा सकती हैं.
पुराने और खराब बिजली के तार
अगर घर में पुराने, कटे-फटे या खराब बिजली के तार लगे हैं तो उन्हें इग्नोर न करें. खराब वायरिंग की वजह से शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है. समय-समय पर घर की वायरिंग की जांच जरूर कराएं.
ओवरलोड एक्सटेंशन बोर्ड
एक ही एक्सटेंशन बोर्ड या सॉकेट में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाने से वह ओवरलोड हो सकता है. इससे तार गर्म होने लगते हैं और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए जरूरत से ज्यादा उपकरण एक साथ प्लग में न लगाएं.
पूजा घर में सूती कपड़े और कपूर
घर के मंदिर में हम अक्सर दीया या अगरबत्ती जलाकर छोड़ देते हैं. मंदिर के आसपास सजे हुए कपड़े के पर्दे, सूती बत्तियां या खुला रखा हुआ कपूर जरा सी हवा चलने पर दीये की लौ के संपर्क में आ सकते हैं, जिससे आग फैलने का खतरा सबसे ज्यादा होता है.
लैपटॉप और ओवरचार्ज होते फोन
आजकल की लाइफस्टाइल में हम गैजेट्स से घिरे रहते हैं. कई बार लोग फोन या लैपटॉप को रातभर चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं या फिर उन्हें बेड, गद्दे या सोफे पर रखकर चार्ज करते हैं. गद्दे या सोफे की वजह से डिवाइस की हीट (गर्मी) बाहर नहीं निकल पाती, जिससे बैटरी ब्लास्ट होने या शॉर्ट सर्किट से आग लगने का डर रहता है.
ज्वलनशील सामान
कागज, पुराने कपड़े, माचिस, मोमबत्तियां, पेट्रोल, पेंट और अन्य ज्वलनशील चीजों को गैस स्टोव, हीटर या अन्य गर्म उपकरणों के पास नहीं रखना चाहिए. इससे आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है.
एलपीजी गैस सिलेंडर और लीक पाइप
रसोई में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर और पाइप की रेगुलर जांच करते रहना चाहिए. अगर गैस पाइप में लीकेज हो तो तुरंत उसे बदल दें. थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
रसोई में रखा सैनिटाइजर
कोरोना काल के बाद से हैंड सैनिटाइजर हर घर का अहम हिस्सा बन चुका है. लेकिन कई लोग इसे खाना बनाते समय भी किचन के काउंटर या गैस स्टोव के पास रख देते हैं. सैनिटाइजर में अल्कोहल की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जिससे यह बहुत जल्दी आग पकड़ लेता है. इसलिए इसे हमेशा गैस और धूप से दूर रखें.
घर में थोड़ी सी सावधानी बरतकर आग जैसी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है. इसलिए इन बातों का ध्यान रखें और अपने घर और खुद को सेफ रखें.